चमोली। आगामी मानसून अवधि के दौरान संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने तथा विभागीय तैयारियों की समीक्षा को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को मानसून से पूर्व आवश्यक तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने तथा आपदा प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बरसात के दौरान जनजीवन को प्रभावित करने वाली संभावित समस्याओं की पूर्व पहचान कर उनके प्रभावी समाधान सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने सड़क एजेंसियों, नगर निकायों और संबंधित विभागों को नालों एवं जल निकासी तंत्र की व्यापक सफाई, झाड़ियों के कटान तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
सिंचाई विभाग को सिल्टेशन प्रभावित क्षेत्रों का चिन्हीकरण कर आवश्यकतानुसार ड्रेजिंग एवं चैनलाइजेशन कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा गया। साथ ही संभावित खतरे वाले स्थलों की पहचान कर जल प्रवाह में बाधा उत्पन्न करने वाली संरचनाओं को हटाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी सड़क एजेंसियों को मानसून के दौरान मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति से निपटने के लिए जेसीबी मशीनों एवं अन्य आवश्यक उपकरणों की पूर्व तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा वैकल्पिक मार्गों के चयन, आवश्यक मरम्मत कार्य और साइनज लगाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके।
उन्होंने पूर्ति विभाग को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए खाद्यान्न और अन्य आवश्यक राहत सामग्री का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद में चिन्हित आपदा शेल्टरों की उपयोगिता और उपलब्ध सुविधाओं का परीक्षण करने को कहा।
बैठक में सभी उपजिलाधिकारियों को तहसील स्तर पर त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) का गठन कर उनकी सक्रियता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने संवेदनशील स्थलों पर लोगों द्वारा सेल्फी लेने जैसी जोखिमपूर्ण गतिविधियों को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने तथा चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए।
स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में आवश्यक दवाओं, चिकित्सा उपकरणों और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, गंभीर रोगियों, दिव्यांगजनों और अन्य संवेदनशील व्यक्तियों का चिन्हीकरण कर उनके लिए विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी, जिला पूर्ति अधिकारी अंकित पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Sign in
Welcome! Log into your account
Forgot your password? Get help
Password recovery
Recover your password
A password will be e-mailed to you.








