Home उत्तराखंड 14 दिन बाद भी नाबालिग का सुराग नहीं, श्रीनगर कोतवाली में गरजा...

14 दिन बाद भी नाबालिग का सुराग नहीं, श्रीनगर कोतवाली में गरजा वाल्मीकि समाज

0
0
Screenshot

आक्रोशित लोगों ने कोतवाली का किया घेराव, पुलिस को दी चेतावनी जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो खुद उतरेंगे मैदान में

श्रीनगर से 14 दिन पहले लापता हुई नाबालिग लड़की का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाने पर लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। रविवार को वाल्मीकि समाज से जुड़े लोगों और स्थानीय नागरिकों ने भारी संख्या में श्रीनगर कोतवाली पहुंचकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और कोतवाली का घेराव किया।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि घटना को दो सप्ताह बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अब तक लड़की की बरामदगी में कोई ठोस सफलता हासिल नहीं कर पाई है। इससे परिवार और समाज में गहरी नाराजगी है। लोगों ने आरोप लगाया कि मामले में अपेक्षित गंभीरता से कार्रवाई नहीं की गई, जिसके कारण अब तक कोई बड़ा सुराग सामने नहीं आया।

आक्रोशित लोगों ने पुलिस को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही नाबालिग लड़की को सुरक्षित बरामद नहीं किया गया और मामले में कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो समाज के लोग खुद मैदान में उतरकर बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले के हर पहलू की गहन जांच करने, संभावित आरोपियों से सख्ती से पूछताछ करने और जांच की रफ्तार तेज करने की मांग की। परिजन भी लगातार बेटी की सुरक्षित वापसी की गुहार लगा रहे हैं।

वहीं, पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि मामले की जांच लगातार जारी है और लड़की की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने कहा कि विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द सकारात्मक परिणाम मिलने की उम्मीद है।

14 दिन बाद भी नाबालिग का कोई सुराग न मिलना अब पूरे क्षेत्र में चिंता और चर्चा का विषय बना हुआ है। सभी की नजरें अब पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।

परिजनों के अनुसार किशोरी 14 दिन पहले शुक्रवार तड़के घर से बिना बताए कहीं चली गई थी, सुबह जब वह घर पर नहीं मिली तो परिवार के लोग उसकी तलाश में जुटे और बाद में पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर किशोरी सुबह करीब चार बजे घर से निकलती हुई दिखाई दी, लेकिन इसके बाद उसके संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि किशोरी की दोस्ती क्षेत्र के एक 16 वर्षीय नाबालिग मुस्लिम युवक से थी। परिवार का कहना है कि उन्होंने पूर्व में भी इस संबंध पर आपत्ति जताई थी और कुछ दिन पहले इस बात को लेकर किशोरी को समझाया था। परिजनों द्वारा युवक के बारे में दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने उससे भी पूछताछ भी की है। पुलिस के अनुसार युवक अपने घर पर ही मिला है और उससे आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।
मामले की जानकारी मिलने पर समाजसेवी लखपत सिंह भंडारी ने भी पुलिस से शीघ्र कार्रवाई कर किशोरी की सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मामले के सभी संभावित पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।