जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) चमोली श्री गौरव कुमार द्वारा राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखण्ड की अधिसूचना के क्रम में जनपद की ग्राम पंचायतों में रिक्त उप प्रधान पदों के सामान्य निर्वाचन की समय-सारणी जारी कर दी गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन की समस्त कार्यवाही संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर संपन्न कराई जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 जुलाई, 2026 को प्रातः 10:00 बजे से 11:00 बजे तक नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। इसके उपरांत 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।
दोपहर 12:00 बजे से 12:30 बजे तक नाम वापसी का समय निर्धारित किया गया है। इसके बाद अपराह्न 12:30 बजे से 1:00 बजे तक निर्वाचन चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।
अपराह्न 1:30 बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक मतदान कराया जाएगा तथा अपराह्न 4:00 बजे से कार्य समाप्ति तक मतगणना एवं परिणाम घोषित किए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री गौरव कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश पंचायती राज (सदस्यों, प्रधानों और उप प्रधानों का निर्वाचन) नियमावली, 1994 (उत्तराखण्ड राज्य में यथावत प्रवृत्त) के प्रावधानों तथा राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होगी।
उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों की बिक्री 08 जुलाई से 14 जुलाई, 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक संबंधित क्षेत्र पंचायत मुख्यालयों पर की जाएगी। वहीं निर्वाचन दिवस 15 जुलाई, 2026 को प्रातः 8:00 बजे से 9:30 बजे तक भी संबंधित ग्राम पंचायत में निर्धारित स्थान पर नामांकन पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे।
उप प्रधान पंचायत सामान्य निर्वाचन-2026 के अंतर्गत जनपद चमोली में विकासखंडवार उप प्रधान ग्राम पंचायतों के निर्वाचन क्षेत्रों का विवरण जारी कर दिया गया है। जनपद की कुल 608 उप प्रधान पद के लिए निर्वाचन संपन्न कराया जाएगा।
जारी विवरण के अनुसार विकासखंड ज्योतिर्मठ में 58, दशोली में 67, नन्दानगर (घाट) में 54, कर्णप्रयाग में 94, पोखरी में 73, गैरसैंण में 95, नारायणबगड़ में 75, थराली में 46 तथा देवाल विकासखंड में 46 उप प्रधान पदों के लिए निर्वाचन कराया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) कार्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार उप प्रधान पंचायत सामान्य निर्वाचन-2026 की सभी आवश्यक निर्वाचन प्रक्रियाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराई जाएंगी। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। निर्वाचन से संबंधित समस्त जानकारी संबंधित विकासखंड कार्यालयों एवं जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।








