Home उत्तराखंड लाता गांव के समीप धौलीगंगा में अवैध खनन का आरोप, सख्त कार्रवाई...

लाता गांव के समीप धौलीगंगा में अवैध खनन का आरोप, सख्त कार्रवाई की मांग

2
0

चमोली। ज्योतिर्मठ विकासखंड के लाता गांव के समीप धौलीगंगा नदी में कथित अवैध खनन का मामला सामने आया है। उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय महामंत्री (युवा प्रकोष्ठ) बृजमोहन सिंह सजवाण ने जिलाधिकारी चमोली को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि नंदा देवी रिजर्व फॉरेस्ट क्षेत्र के अंतर्गत धौलीगंगा नदी में कुछ लोगों द्वारा लगातार अवैध खनन किया जा रहा है। पर्यावरणीय और पारिस्थितिक दृष्टि से संवेदनशील इस क्षेत्र में पूर्व में भी खनन गतिविधियों का स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध किया था। ग्रामीणों के विरोध के बाद पुलिस प्रशासन की मदद से खनन में संलिप्त लोगों को मौके से हटाया गया था।
ज्ञापन के अनुसार, कुछ दिन पूर्व रात्रि के समय मशीनों के माध्यम से दोबारा खनन किया जा रहा था। स्थानीय लोगों की सतर्कता से खनन में शामिल लोगों और वाहनों को मौके पर पकड़ा गया। इस मामले में वन विभाग और पुलिस प्रशासन की ओर से कार्रवाई भी की गई, लेकिन आरोप है कि खनन में प्रयुक्त वाहनों और मशीनों को सीज करने के बजाय केवल चालान कर छोड़ दिया गया।
बृजमोहन सिंह सजवाण ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, रात्रि में खनन के लिए इस्तेमाल की गई मशीनों और वाहनों की पहचान करने तथा खनन एवं वन कानूनों के तहत दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील नंदा देवी क्षेत्र में प्राकृतिक संपदा और धौलीगंगा नदी के संरक्षण के लिए अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाना जरूरी है।