Home उत्तराखंड गोपेश्वर में प्राधिकरण के नियमों में संशोधन की मांग को लेकर भाजपा...

गोपेश्वर में प्राधिकरण के नियमों में संशोधन की मांग को लेकर भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

12
0
Screenshot

चमोली: जिला मुख्यालय गोपेश्वर में जिला विकास प्राधिकरण (डीडीए) एवं मंदिर परिसर से जुड़े पुरातत्व विभाग के नियमों में संशोधन की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि नगर क्षेत्र में जिला विकास प्राधिकरण के सख्त नियमों के कारण स्थानीय लोगों को भवन निर्माण, मरम्मत और अन्य कार्यों में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, मंदिर परिसर के आसपास पुरातत्व विभाग के प्रावधानों के चलते लोग अपने मकानों की सामान्य मरम्मत तक नहीं करा पा रहे हैं, जिससे आम नागरिकों में असंतोष बढ़ रहा है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि 15 जुलाई को पुलिस मैदान, गोपेश्वर में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान नगर क्षेत्र के निवासियों एवं जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में गोपेश्वर नगर क्षेत्र को जिला विकास प्राधिकरण के दायरे से बाहर किए जाने की मांग उठाई थी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भी संबंधित अधिकारियों को जनभावनाओं के अनुरूप समाधान खोजने के निर्देश दिए थे।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पिछले कई दिनों से इस मांग को लेकर स्थानीय लोग आंदोलनरत हैं। उनका कहना है कि जिस प्रकार जनपद के अन्य क्षेत्रों से जिला विकास प्राधिकरण का क्षेत्राधिकार समाप्त किया गया है, उसी प्रकार गोपेश्वर नगर क्षेत्र से भी इसे तत्काल हटाया जाना चाहिए। इस संबंध में विभिन्न राजनीतिक एवं गैर-राजनीतिक संगठनों के साथ-साथ प्रबुद्ध नागरिक जन प्रकोष्ठ भी ज्ञापन देकर अपनी मांग रख चुका है।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि मंदिर परिसर के आसपास रहने वाले भूमिधरों एवं भवन स्वामियों की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिनियम में आवश्यक संशोधन का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि जनभावनाओं एवं चल रहे जनआंदोलन को ध्यान में रखते हुए गोपेश्वर नगर क्षेत्र को जिला विकास प्राधिकरण के क्षेत्राधिकार से बाहर करने तथा मंदिर परिसर से जुड़े नियमों में आवश्यक संशोधन के लिए शासन को अपनी सशक्त संस्तुति के साथ प्रस्ताव शीघ्र प्रेषित किया जाए।

इस दौरान उपाध्यक्ष महिला आयोग चंद्रकला तिवारी
भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्तवाल , पूर्व जिलाध्यक्ष रघुवीर बिष्ट, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विक्रम बर्तवाल , जिला महामंत्री विनोद कनवासी , पूर्व सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेंद्र रावत, नवल भट्ट सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।