Home उत्तराखंड बद्रीनाथ मंदिर चोरी मामले में पूर्व मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान गिरफ्तार

बद्रीनाथ मंदिर चोरी मामले में पूर्व मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान गिरफ्तार

133
0

चमोली। बद्रीनाथ मंदिर में चढ़ावे की नकदी में कथित चोरी के मामले में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, एसआईटी ने बद्रीनाथ में करीब चार घंटे तक राजेंद्र चौहान से पूछताछ की। पूछताछ के बाद उन्हें शुक्रवार दोपहर 2:59 बजे औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया।
जांच एजेंसी के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में राजेंद्र चौहान 22, 25 और 29 जून को गणना कक्ष से नकदी निकालते हुए दिखाई दिए हैं। इन्हीं तथ्यों के आधार पर एसआईटी ने आगे की कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी की।
एसआईटी के अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
गौरतलब है कि बद्रीनाथ मंदिर में चढ़ावे की नकदी में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद इसकी जांच एसआईटी को सौंपी गई थी। मामले की जांच अभी जारी है।