देवाल/चमोली। उत्तराखंड क्रांति दल के जिला संगठन मंत्री प्रकाश राम ने सुयालकोट क्षेत्र में लगातार हो रहे भूस्खलन पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से स्थायी समाधान की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह समस्या केवल सड़क तक सीमित नहीं है, बल्कि हजारों लोगों की सुरक्षा और आवागमन से जुड़ा गंभीर मुद्दा बन चुकी है।
प्रकाश राम ने कहा कि लगभग एक वर्ष पूर्व क्षेत्रीय विधायक ने सुयालकोट का निरीक्षण किया था, जिससे लोगों को समस्या के समाधान की उम्मीद जगी थी। लेकिन आज भी मानसून के दौरान लगातार मलबा और चट्टानें गिरने से सड़क पर आवागमन जोखिमपूर्ण बना हुआ है और बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने बताया कि यह सड़क देवाल-पिंडर घाटी के एक दर्जन से अधिक गांवों तथा लगभग 10 हजार लोगों की जीवनरेखा है। इसी मार्ग से लोग अस्पताल, विद्यालय, बैंक, बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचते हैं। ऐसे में हर वर्ष भूस्खलन के कारण सड़क बाधित होने से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत भू-वैज्ञानिक एवं तकनीकी सर्वेक्षण कराकर मोपटा से बाईपास सड़क एवं पुल निर्माण की संभावनाओं का गंभीरता से परीक्षण किया जाए। यदि यह परियोजना तकनीकी रूप से उपयुक्त पाई जाती है तो भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र को बाईपास कर वर्षभर सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जा सकता है। इससे हर वर्ष होने वाले नुकसान और मरम्मत पर होने वाले करोड़ों रुपये के खर्च में भी कमी आएगी।
प्रकाश राम ने शासन-प्रशासन से सुयालकोट भूस्खलन क्षेत्र में तत्काल ढलान स्थिरीकरण, सुरक्षा दीवार, प्रभावी जल निकासी तथा अन्य सुरक्षा कार्य युद्धस्तर पर शुरू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान चाहती है। सरकार को इस महत्वपूर्ण सड़क की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र ठोस कदम उठाने चाहिए।
Sign in
Welcome! Log into your account
Forgot your password? Get help
Password recovery
Recover your password
A password will be e-mailed to you.








