Home ब्रेकिंग न्यूज़ 30 मीटर गहरी खाई में गिरा मैक्स वाहन, SDRF ने घायल को...

30 मीटर गहरी खाई में गिरा मैक्स वाहन, SDRF ने घायल को पीठ पर उठाकर बचाई जान

7
0

उत्तरकाशी, 30 जुलाई।
उत्तरकाशी जनपद के गंगोरी क्षेत्र में गुरुवार को एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 30 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही उत्तराखंड राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम ने मौके पर पहुंचकर चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू अभियान चलाते हुए घायल चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना की सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट उजैली से हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर वाहन गहरी और दुर्गम खाई में दुर्घटनाग्रस्त मिला।
SDRF जवानों ने बिना समय गंवाए खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। खड़ी ढलान और कठिन परिस्थितियों के बीच टीम ने वाहन तक पहुंचकर घायल को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान चलाया।
रेस्क्यू के दौरान SDRF के आरक्षी कृष्ण पाल और जसविंदर सिंह ने साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए घायल को अपनी पीठ पर उठाकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद घायल को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
घायल की पहचान प्रेमलाल (55 वर्ष), निवासी गंगोरी, जनपद उत्तरकाशी के रूप में हुई है। SDRF की त्वरित कार्रवाई और साहसिक रेस्क्यू अभियान की स्थानीय लोगों ने सराहना की।