Home उत्तराखंड बद्रीनाथ धाम से चोरी हुआ भगवान नारायण का सोने का मुकुट बरामद,...

बद्रीनाथ धाम से चोरी हुआ भगवान नारायण का सोने का मुकुट बरामद, आरोपी गिरफ्तार

5
0

गोपेश्वर, 30 जुलाई। विश्व प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम स्थित ब्रह्मर्षि साधना संघ आश्रम के मंदिर से भगवान नारायण का लगभग पांच लाख रुपये मूल्य का सोने का मणि जड़ित मुकुट चोरी करने वाले आरोपी को चमोली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया मुकुट, 4,500 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त बैग भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई को आश्रम के ब्रह्मचारी भगवत दास ने कोतवाली बद्रीनाथ में तहरीर देकर बताया कि आश्रम में ठहरे साधु राघवदास ने 24 जुलाई की रात भगवान नारायण का सोने का मुकुट और नकदी चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना तंत्र की मदद से लगातार तलाश अभियान चलाया। 29 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर बद्रीश गंगा वाटिका गेट (हनुमानचट्टी रोड) के पास घेराबंदी कर आरोपी राघवराम पाठक उर्फ राघवदास (57), निवासी श्रावस्ती (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि उसने आश्रम के मंदिर से भगवान नारायण का मुकुट और एक श्रद्धालु के बैग से नकदी चुराई थी। उसकी निशानदेही पर चोरी गया मुकुट, नकदी और बैग बरामद कर लिया गया। बरामदगी के बाद मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) भी जोड़ दी गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।