Home उत्तराखंड सीमान्त सहकारी संघ ने ई-मार्केटिंग परियोजना में सरकारी धन गबन का लगाया...

सीमान्त सहकारी संघ ने ई-मार्केटिंग परियोजना में सरकारी धन गबन का लगाया आरोप, एफआईआर दर्ज कराने को पुलिस को भेजा पत्र

4
0

गोपेश्वर। चमोली स्थित सीमान्त सहकारी संघ लिमिटेड ने ई-मार्केटिंग योजना के तहत सरकारी धन के कथित गबन का मामला उठाते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था नेकोफ (NACOF) इंडिया लिमिटेड, देहरादून के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में संघ के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने चमोली कोतवाली प्रभारी को पत्र भेजा है।
पत्र के अनुसार, उत्तराखंड राज्य समेकित सहकारी विकास परियोजना के अंतर्गत प्रदेश की क्रय-विक्रय समितियों और किसानों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने के लिए ई-मार्केटिंग योजना शुरू की गई थी। योजना के तहत नेकोफ इंडिया लिमिटेड को आईटी आधारित ई-मार्केटिंग प्लेटफॉर्म विकसित करने का कार्य सौंपा गया था।
सीमान्त सहकारी संघ का आरोप है कि इस परियोजना के लिए संस्था को 8,42,520 रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई और कार्य के लिए अनुबंध भी किया गया। लेकिन पांच वर्ष बीत जाने के बावजूद ई-मार्केटिंग प्लेटफॉर्म संचालित नहीं किया गया। आरोप है कि कार्यदायी संस्था ने कार्यालय में केवल दो कंप्यूटर और एक प्रिंटर उपलब्ध कराया, जबकि परियोजना का उद्देश्य पूरा नहीं किया गया और सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ।
संघ ने पत्र में कहा है कि मामले की जानकारी कई बार संबंधित संस्था और परियोजना अधिकारियों को दी गई, लेकिन संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद कार्यक्रम निदेशालय स्तर पर भी प्रकरण भेजा गया, जहां संबंधित संस्था को ब्लैकलिस्ट करने तथा सरकारी धन की वसूली के लिए कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सीमान्त सहकारी संघ ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर संबंधित संस्था एवं जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में आधिकारिक कार्रवाई की पुष्टि नहीं की गई है।