Home उत्तराखंड नेपाल में भीषण बाढ़ पर मुख्यमंत्री धामी ने जताया गहरा दुःख, हरसंभव...

नेपाल में भीषण बाढ़ पर मुख्यमंत्री धामी ने जताया गहरा दुःख, हरसंभव सहयोग के लिए उत्तराखंड तैयार

1
0
Oplus_131072

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई अचानक भीषण बाढ़ से हुई जन-धन की क्षति पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इस प्राकृतिक आपदा में हुई जनहानि और व्यापक नुकसान को अत्यंत दुःखद एवं चिंताजनक बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में उत्तराखंड की जनता और राज्य सरकार की संवेदनाएं नेपाल के प्रभावित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने तथा प्रभावित लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल दो पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों को साझा संस्कृति, परंपराओं, आस्था और सामाजिक सरोकारों की मजबूत डोर जोड़ती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड और नेपाल के बीच सदियों पुराने रोटी-बेटी के संबंध रहे हैं।
उन्होंने विशेष रूप से कुमाऊं क्षेत्र के नेपाल के साथ आत्मीय संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिथौरागढ़ और चंपावत सहित सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के नेपाल के साथ ऐतिहासिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंध रहे हैं। ऐसे में नेपाल में आई आपदा का दुःख उत्तराखंड के लोगों के लिए अपने परिवार के किसी सदस्य के संकट जैसा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल की पीड़ा, उत्तराखंड की पीड़ा है और संकट की इस घड़ी में उत्तराखंड की जनता अपने नेपाली भाई-बहनों के साथ पूरी संवेदनशीलता और आत्मीयता के साथ खड़ी है। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे सुरक्षाकर्मियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों के प्रयासों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नेपाल सरकार और वहां के प्रशासन के नेतृत्व में राहत एवं बचाव कार्य प्रभावी ढंग से संचालित होंगे तथा प्रभावित लोगों को शीघ्र राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड की समस्त जनता की ओर से नेपाल के शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए प्रभावित लोगों के सुरक्षित होने, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और नेपाल में जल्द सामान्य स्थिति बहाल होने की कामना की।