चमोली। जनपद चमोली के दूरस्थ विकासखंड देवाल के ल्वाणी गांव के खाल तोक में लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। यहां कई परिवारों के घर भूस्खलन की जद में आ गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेते हुए जल्द सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है।
स्थानीय निवासी मोहन सिंह बिष्ट ने बताया कि वर्ष 2025 में भी खाल तोक में आधा दर्जन से अधिक परिवारों के घरों के आसपास भूस्खलन की समस्या सामने आई थी। इस वर्ष लगातार हो रही बारिश के चलते स्थिति और गंभीर होती जा रही है। भूस्खलन के कारण ऊपरी हिस्से में स्थित परिवारों के घरों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है। वहीं, ऊपर से आने वाला मलबा नीचे स्थित घरों के लिए भी खतरा पैदा कर सकता है।
ग्रामीणों के अनुसार दयाल सिंह पुत्र उमराव सिंह, नरेंद्र सिंह पुत्र उमराव और दौलत सिंह पुत्र कल्याण सिंह के घर सीधे खतरे की जद में बताए जा रहे हैं। इसके अलावा प्रेम सिंह, रूप सिंह, तेजपाल सिंह, प्रताप सिंह और नरेंद्र धरम सिंह के परिवार भी भूस्खलन के खतरे से प्रभावित हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा और बचाव के उपाय नहीं किए गए तो लगातार बारिश के बीच स्थिति और विकट हो सकती है। ग्राम प्रधान मीना देवी की ओर से भी उक्त मामले को लेकर प्रशासन को पत्राचार कर समस्या से अवगत कराया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके का स्थलीय निरीक्षण कर प्रभावित परिवारों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।








