Home ब्रेकिंग न्यूज़ रामलीला मंच के पीछे रेलिंग से लटके मिले युवक-युवती के शव, गांव...

रामलीला मंच के पीछे रेलिंग से लटके मिले युवक-युवती के शव, गांव में सनसनी

2
0

गोपेश्वर, 08 सितंबर। नंदानगर विकासखंड के रामणी गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के मेला/रामलीला मंच के पीछे रेलिंग से युवक और युवती के शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटके मिले। घटना की सूचना मिलते ही नंदानगर थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतकों की पहचान रिया पुत्री सूरज लाल और सुनील पुत्र कुंवर लाल के रूप में हुई है। बताया गया कि मंगलवार सुबह कुछ ग्रामीण छानी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर रामलीला मंच के पीछे रेलिंग से लटके दोनों शवों पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल ग्राम प्रधान और समीप की दुकान के संचालक को इसकी सूचना दी।
ग्राम प्रधान कुंवर लाल ने मौके पर पहुंचकर नंदानगर थाना पुलिस और प्रशासन को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
ग्राम प्रधान के अनुसार मेला मंच गांव से कुछ दूरी पर स्थित है और इसके समीप जूनियर हाईस्कूल भी है। रातभर बारिश होने के कारण घटना की जानकारी ग्रामीणों को सुबह हो सकी। दोनों युवक-युवती राजकीय इंटर कॉलेज बूरा में अध्ययनरत बताए जा रहे हैं। रिया कक्षा 11 और सुनील कक्षा 12 में पढ़ते थे।
ग्रामीणों के अनुसार दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की चर्चा है, हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।