Home उत्तराखंड सहायक निदेशक पीआईबी एवं दूरदर्शन समाचार संजीव सुंदरियाल का सम्मान

सहायक निदेशक पीआईबी एवं दूरदर्शन समाचार संजीव सुंदरियाल का सम्मान

4
0

देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब, देहरादून में शुक्रवार को पीआईबी एवं दूरदर्शन समाचार, उत्तराखंड के सहायक निदेशक संजीव सुंदरियाल का स्वागत एवं सम्मान किया गया। प्रेस क्लब में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष अजय राणा, महामंत्री योगेश सेमवाल और कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल ने संयुक्त रूप से संजीव सुंदरियाल को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रेस क्लब कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ ही प्रेस क्लब परिवार के सदस्य मौजूद रहे।

*पत्रकार हितों के लिए क्लब की गतिविधियों की दी जानकारी*
कार्यक्रम के दौरान प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने संजीव सुंदरियाल को क्लब की ओर से पत्रकार हितों में संचालित की जा रही विभिन्न गतिविधियों और प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के हितों, उनकी सामाजिक सुरक्षा और व्यावसायिक आवश्यकताओं से जुड़े विषयों को लेकर प्रेस क्लब लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। इस दौरान पत्रकारों और केंद्र सरकार के सूचना तंत्र के बीच बेहतर समन्वय को लेकर भी चर्चा हुई।

*जर्नलिस्ट वेलफेयर स्कीम की जानकारी साझा की*
सहायक निदेशक पीआईबी एवं दूरदर्शन समाचार, उत्तराखंड संजीव सुंदरियाल ने पत्रकारों को भारत सरकार की जर्नलिस्ट वेलफेयर स्कीम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना के तहत पात्रता के आधार पर दिवंगत पत्रकारों के परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने बताया कि निर्धारित प्रावधानों के तहत आर्थिक रूप से जरूरतमंद परिवारों को अधिकतम पांच लाख रुपये तक की सहायता प्रदान किए जाने का प्रावधान है। उन्होंने पत्रकारों से संबंधित योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक पत्रकारों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।

*प्रेस टूर के जरिए योजनाओं को करीब से जानने का अवसर*
संजीव सुंदरियाल ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आयोजित किए जाने वाले प्रेस टूर के बारे में भी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इन दौरों के माध्यम से पत्रकारों को केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों के विभागों और उपक्रमों की गतिविधियों को ग्राउंड जीरो पर जाकर देखने और समझने का अवसर मिलता है। पत्रकार इन योजनाओं और परियोजनाओं की वास्तविक स्थिति को करीब से समझकर उससे जुड़ी जानकारी आम जनता तक पहुंचा सकते हैं। इसे पत्रकारों के लिए एक तरह का स्टडी टूर भी कहा जा सकता है।

*देहरादून में जल्द होगा ‘वार्तालाप’ कार्यक्रम*
संजीव सुंदरियाल ने पीआईबी की ओर से आयोजित किए जाने वाले ‘वार्तालाप’ कार्यक्रम की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम जनपदवार आयोजित किया जाता है, जिसमें पत्रकारों के लिए कार्यशाला और संवाद सत्र आयोजित किए जाते हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों और कार्यक्रमों की जानकारी पत्रकारों के साथ साझा की जाती है। उन्होंने बताया कि जल्द ही देहरादून में भी ‘वार्तालाप’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

*योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर जोर*
कार्यक्रम के दौरान संजीव सुंदरियाल ने भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने कहा कि पत्रकार सरकार की योजनाओं और नीतियों से जुड़ी सूचनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से पत्रकारों को योजनाओं की तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही मीडिया और सरकारी सूचना तंत्र के बीच संवाद को और मजबूत किया जा सकता है। कार्यक्रम में प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पत्रकार हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की।