Home उत्तराखंड वाण गांव में 10 दिवसीय एडवेंचर फाउंडेशन कोर्स का भव्य समापन

वाण गांव में 10 दिवसीय एडवेंचर फाउंडेशन कोर्स का भव्य समापन

2
0

पीजी कॉलेज गोपेश्वर और तलवाड़ी के 40 युवक-युवतियों ने लिया प्रशिक्षण
देवाल (चमोली)। विकासखंड देवाल के सीमांत गांव वाण में जिला पर्यटन विभाग चमोली द्वारा आयोजित 10 दिवसीय एडवेंचर फाउंडेशन कोर्स का बुधवार को पुरस्कार वितरण के साथ भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख देवाल तेजपाल रावत ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में पीजी कॉलेज गोपेश्वर और पीजी कॉलेज तलवाड़ी के कुल 40 युवक-युवतियों ने भाग लिया। दस दिवसीय शिविर के दौरान प्रतिभागियों को साहसिक पर्यटन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही उन्हें पर्वतीय जीवनशैली, प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा टीम भावना के साथ कार्य करने की जानकारी भी दी गई।
प्रतिभागियों को बताया गया कि साहसिक पर्यटन के माध्यम से क्षेत्र में अधिक पर्यटकों को आकर्षित करके स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में प्रशिक्षित कर उन्हें अपने गांव और क्षेत्र में ही आजीविका से जोड़ना रहा।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत ने कहा कि देवाल क्षेत्र में साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। यदि इन संभावनाओं को योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाए, तो स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुल सकते हैं। इससे क्षेत्र की आर्थिकी मजबूत होने के साथ-साथ गांवों से हो रहे पलायन को रोकने में भी सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार इच्छुक युवक-युवतियों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए हरसंभव सहयोग देने को तैयार है। युवाओं को अपने विचारों और स्वरोजगार संबंधी योजनाओं को प्रभावी तरीके से संबंधित विभागों के सामने रखना चाहिए। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव प्रतिभागियों के भविष्य के लिए उपयोगी सिद्ध होंगे।
सामाजिक कार्यकर्ता हीरा सिंह गढ़वाली ने वाण गांव में एडवेंचर फाउंडेशन कोर्स आयोजित करने के लिए जिलाधिकारी चमोली एवं जिला पर्यटन अधिकारी चमोली का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण के लिए हमारे सीमांत गांव वाण का चयन करना अत्यंत सराहनीय पहल है। गांव में इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होने से युवाओं को नई दिशा और प्रेरणा मिलेगी। साथ ही रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय लोगों को गांव में ही आजीविका के साधन उपलब्ध होंगे। ऐसी योजनाएं क्षेत्र से हो रहे पलायन को रोकने में निश्चित रूप से सहायक सिद्ध होंगी।”
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान वाण नंदूली देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य हेमा देवी, मंदिर समिति अध्यक्ष एवं पूर्व ग्राम प्रधान कृष्णा बिष्ट, पर्यटन विभाग से पहुंचे थपलियाल जी एवं उनके साथ आए प्रशिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता हीरा बुग्याली, हीरा सिंह गढ़वाली, संदीप बिष्ट, धर्मेंद्र बिष्ट और हेमंत बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, स्थानीय ग्रामीण एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि साहसिक पर्यटन वाण गांव सहित पूरे देवाल क्षेत्र की आर्थिकी को मजबूत करने और युवाओं को अपने गांव में ही सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम बन सकता है।