*निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और नियमित स्थलीय निरीक्षण के दिए निर्देश*
जनपद में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी श्री गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना के विभिन्न निर्माण कार्यों, खनन एवं विस्फोट गतिविधियों, श्रमिकों की सुरक्षा तथा निर्माण कार्यों के दौरान स्थानीय नागरिकों को होने वाली संभावित असुविधाओं के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने तहसीलदार कर्णप्रयाग एवं पोखरी को अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत संचालित रेलवे निर्माण कार्यों का नियमित स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान खनन, विस्फोट, श्रमिकों की आवाजाही तथा भारी वाहनों एवं ट्रकों के आवागमन पर विशेष निगरानी रखी जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि निर्माण गतिविधियों से स्थानीय नागरिकों, ग्रामीण क्षेत्रों एवं सार्वजनिक मार्गों पर किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि खनन एवं विस्फोट संबंधी कार्यों के दौरान निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। विस्फोट से पूर्व संबंधित क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम करने के साथ ही चेतावनी एवं सूचना प्रणाली को प्रभावी बनाया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना अथवा जनहानि की आशंका न रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण एजेंसियों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का लगातार जायजा लेने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि रेल परियोजना जनपद के विकास एवं बेहतर कनेक्टिविटी की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। ऐसे में निर्माण कार्यों को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नारायण सिंह नबियाल, डिप्टी मैनेजर रेलवे किरण कुमार तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से डीएओ केदारनाथ रजत सुमन एवं तहसीलदार कर्णप्रयाग और पोखरी सहित अन्य उपस्थित रहे।









