Home उत्तराखंड विवेक पवार बने स्की एंड स्नोबोर्ड इंडिया की चयन एवं तकनीकी समिति...

विवेक पवार बने स्की एंड स्नोबोर्ड इंडिया की चयन एवं तकनीकी समिति के सदस्य

5
0

विवेक पवार बने स्की एंड स्नोबोर्ड इंडिया की चयन एवं तकनीकी समिति के सदस्य
तीन दशकों का शीतकालीन खेलों का अनुभव आया काम, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का कर चुके हैं प्रतिनिधित्व
ज्योतिर्मठ (चमोली)। चमोली जनपद के ज्योतिर्मठ निवासी शीतकालीन खेलों के अनुभवी खिलाड़ी एवं पूर्व अंतरराष्ट्रीय स्की और स्नोबोर्ड एथलीट विवेक पवार को स्की एंड स्नोबोर्ड इंडिया की चयन एवं तकनीकी समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति को भारतीय शीतकालीन खेलों में उनके लंबे अनुभव, तकनीकी दक्षता और खिलाड़ियों के हितों के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

विवेक पवार पिछले करीब तीन दशकों से स्कीइंग और शीतकालीन खेलों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने राष्ट्रीय खेलों और विंटर नेशनल गेम्स में कई बार चैंपियन रहते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक हासिल किए हैं। इसके साथ ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का प्रतिनिधित्व किया है। यूरोप और मध्य पूर्व में आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लेने के साथ उन्होंने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है।
खेल प्रशासन और तकनीकी प्रबंधन का भी अनुभव
खिलाड़ी के रूप में लंबे अनुभव के बाद विवेक पवार पिछले आठ से दस वर्षों से खेल प्रशासन, खिलाड़ियों के अधिकारों और खेल व्यवस्था में पारदर्शिता से जुड़े विषयों पर सक्रिय हैं। उनका मानना है कि खेलों के विकास में खिलाड़ियों को केंद्र में रखना और चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाना जरूरी है।
उन्होंने औली में आयोजित राष्ट्रीय शीतकालीन खेल प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न आयोजनों में तकनीकी सदस्य के रूप में भी योगदान दिया है। भारत में आयोजित दक्षिण एशियाई खेलों में भी उन्होंने तकनीकी विशेषज्ञ के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में वह उत्तराखंड स्की एंड स्नोबोर्ड एसोसिएशन से जुड़े हुए हैं और प्रदेश में शीतकालीन खेलों को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रहे हैं।


  • औली में स्थानीय बच्चों को दे रहे प्रशिक्षण
    विवेक पवार का योगदान प्रतियोगिताओं और पदकों तक सीमित नहीं है। वह औली और आसपास के क्षेत्रों में स्थानीय बच्चों को स्कीइंग से जोड़ने तथा उनकी प्रतिभा निखारने के लिए समय-समय पर निःशुल्क प्रशिक्षण और कोचिंग शिविर आयोजित करते रहे हैं। उनका उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं को शीतकालीन खेलों में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।
    वह उत्तराखंड के साथ हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ियों को भी मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण संबंधी सहयोग देते रहे हैं। इसके अलावा स्कीइंग, पर्वतारोहण, रॉक क्लाइम्बिंग और राफ्टिंग जैसी साहसिक गतिविधियों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। वह एडवेंचर एसोसिएशन चमोली के अध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
    विवेक पवार की नई जिम्मेदारी से शीतकालीन खेलों में प्रतिभाओं को अवसर देने, चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने और तकनीकी व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में उनके अनुभव का लाभ मिलने की उम्मीद है। उनकी नियुक्ति से चमोली सहित उत्तराखंड के शीतकालीन खेलों से जुड़े खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहन मिलने की संभावना है।