Home उत्तराखंड कोटद्वार में 675 करोड़ से बनेगा 400 केवी विद्युत उपकेंद्र, उत्तराखंड का...

कोटद्वार में 675 करोड़ से बनेगा 400 केवी विद्युत उपकेंद्र, उत्तराखंड का चौथा सबसे बड़ा उपकेंद्र होगा

3
0

कोटद्वार। कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के हल्दुखाता तल्ला में करीब 675 करोड़ रुपये की लागत से 400 केवी क्षमता का विद्युत उपकेंद्र प्रस्तावित है। इसके निर्माण से कोटद्वार सहित पौड़ी गढ़वाल जिले की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। प्रस्तावित उपकेंद्र उत्तराखंड का चौथा सबसे बड़ा विद्युत उपकेंद्र होगा।
विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण की पहल पर इस महत्वाकांक्षी परियोजना का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। विज्ञप्ति के अनुसार, परियोजना के लिए विभिन्न संबंधित विभागों की संस्तुतियां भी प्राप्त हो चुकी हैं।
वर्तमान में कोटद्वार क्षेत्र को सतपुली स्थित विद्युत उपकेंद्र से बिजली की आपूर्ति की जा रही है। नए उपकेंद्र के निर्माण से बिजली आपूर्ति की क्षमता और गुणवत्ता में सुधार होने के साथ ही भविष्य में बढ़ने वाली मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी।
परियोजना से सिगड्ड़ी ग्रोथ सेंटर को भी विशेष लाभ मिलने की संभावना है। औद्योगिक क्षेत्र को बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिलने से औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है। इसके साथ ही निवेश आकर्षित होने और रोजगार के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है।
विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि कोटद्वार का सर्वांगीण विकास और क्षेत्रवासियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि 400 केवी विद्युत उपकेंद्र की स्थापना से आमजन को बेहतर बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा और सिगड्ड़ी ग्रोथ सेंटर सहित पूरे क्षेत्र के औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।