Home सोशल रात 1:30 बजे तक चली यूपीसीएल एमडी की समीक्षा बैठक, राजस्व वसूली...

रात 1:30 बजे तक चली यूपीसीएल एमडी की समीक्षा बैठक, राजस्व वसूली और उपभोक्ता सेवाओं में लापरवाही पर सख्ती

41
0

गोपेश्वर, 26 अक्टूबर। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने विद्युत वितरण मंडल कर्णप्रयाग के अंतर्गत आने वाले गोपेश्वर, रुद्रप्रयाग, गैरसैंण और नारायणबगड़ विद्युत वितरण खंडों की समीक्षा की। 25 अक्टूबर को आयोजित यह बैठक देर रात करीब 1:30 बजे तक चली। बैठक में राजस्व वसूली, मीटर रीडिंग, विद्युत बिलिंग और उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने अधिकारियों को राजस्व वसूली के निर्धारित लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल करने और मीटर रीडिंग के आधार पर सभी उपभोक्ताओं को शत-प्रतिशत विद्युत बिल जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का निर्धारित समयसीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निस्तारण पर जोर
बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए प्रबंध निदेशक ने सभी अभियंताओं को सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए और उनके समाधान में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
स्मार्ट मीटर लगाने और नए कनेक्शन देने में देरी पर कार्रवाई
प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर के लाभों की जानकारी देते हुए उन्हें स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नए विद्युत संयोजन निर्धारित समय पर जारी करने पर भी जोर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि नए कनेक्शन जारी करने में अनावश्यक देरी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी और उसके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में मुख्य अभियंता एनएस बिष्ट, अधीक्षण अभियंता गौरव शर्मा और अनिल वर्मा, अधिशासी अभियंता धर्मबीर सिंह, राहुल चानना, शैलेंद्र बिष्ट और मनोज कुमार सहित क्षेत्र के सभी उपखंड अधिकारी, अवर अभियंता तथा लेखाधिकारी उपस्थित रहे।