गोपेश्वर। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला सभागार गोपेश्वर में जिला सैनिक परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व सैनिकों, सेवारत सैनिकों, वीर नारियों एवं सैनिक विधवाओं की समस्याओं के साथ ही उनके कल्याणार्थ संचालित योजनाओं और सैनिक सम्मान से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कलम सिंह ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों पर हुई कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में वर्तमान में 11,155 पूर्व सैनिक, 5,195 सैनिक विधवाएं, 98 वीर नारियां तथा द्वितीय विश्व युद्ध की 20 वीरांगनाएं पंजीकृत हैं। उन्होंने बताया कि अक्टूबर माह तक द्वितीय विश्व युद्ध की 20 वीरांगनाओं को 11 लाख 76 हजार 452 रुपये की सहायता तथा 87 वीरता पदक प्राप्त सैनिकों एवं उनके आश्रितों को 67 लाख रुपये का अनुदान दिया जा चुका है। इसके अलावा पुत्री विवाह अनुदान, प्रधानमंत्री छात्रवृत्ति, पेंशनरी अनुदान और भर्ती पूर्व प्रशिक्षण सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को दिया जा रहा है।
बैठक में जनपद में निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित 11 शहीद द्वारों की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि मैखोली में शहीद सिपाही रघुवीर सिंह (शौर्य चक्र) के नाम से शहीद द्वार का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि काण्डेई, फलोदा, मस्ट, सुनाऊ और गिरसा सहित अन्य स्थानों पर निर्माण की कार्रवाई गतिमान है।
इस दौरान पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों ने विभिन्न समस्याएं और सुझाव जिलाधिकारी के समक्ष रखे। जिलाधिकारी ने कर्णप्रयाग तहसील के कालेश्वर क्षेत्र में सैनिक विश्राम गृह एवं ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक के लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। वहीं, पूर्व सैनिकों ने थराली में प्रस्तावित सैनिक विश्राम गृह का निर्माण कुलसारी में कराने का सुझाव रखा। गैरसैंण में सैनिक विश्राम गृह के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए जिलाधिकारी ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को उपजिलाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
इस अवसर पर सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग की ओर से पूर्व सैनिकों, विधवाओं एवं आश्रितों के कल्याणार्थ संचालित योजनाओं पर आधारित पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, सैनिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल डीएस बर्त्वाल (सेवानिवृत्त), परियोजना निदेशक आनंद सिंह, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कलम सिंह, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह सहित सैनिक कल्याण परिषद के ब्लॉक प्रतिनिधि, पूर्व सैनिक, उनके परिजन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Sign in
Welcome! Log into your account
Forgot your password? Get help
Password recovery
Recover your password
A password will be e-mailed to you.








