जिला मुख्यालय गोपेश्वर से सटे गंगोलगांव में 10 साल के लंबे अंतराल के बाद शनिवार से पांडव लीला का पूजा अर्चना के साथ विधिवत्त शुभारंभ हो गया है। गांव की सुख-समृद्धि, खुशहाली और क्षेत्र की मंगलकामना के लिए आयोजित होने वाली इस पारंपरिक धार्मिक लीला को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है। लंबे समय बाद गांव में पांडव लीला के आयोजन से एक बार फिर ढोल-दमाऊं की थाप और पांडवों के जयघोष से पूरा गांव भक्तिमय हो उठा है।
लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं में पांडव लीला का विशेष महत्व है। ढोल-दमाऊं की थाप पर पांडवों के पश्वाओं का अवतरण और पारंपरिक नृत्य श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहता है।
दस साल बाद आयोजित हो रही पांडव लीला को लेकर ग्रामीणों ने व्यापक तैयारियां की हैं। आयोजन में गांव के युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। आसपास के गांवों के साथ ही दूरदराज के क्षेत्रों से भी लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। ग्रामीणों का कहना है कि पांडव लीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि गांव की एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत को संजोने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।पांडव लीला के आयोजन से नई पीढ़ी को भी अपनी लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। ग्रामीणों का मानना है कि इस तरह के आयोजन से पहाड़ की प्राचीन परंपराएं जीवंत रहती हैं और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचती हैं। पांडव के पात्रों के रुप में अजुZन के पात्र यशवंत सिंह राणा, नागाजुZन सतेंद्र सिंह रावत,युधीष्ठर जयसिंह रावत ,सहदेव प्रमोद सनवाल,नकुल मनोज रावत,नंदीमौण सतेंद्र सिंह,तिलविल शंकर सिंह,बबीZक चंद्र सिंह रावत,भीम भजन सिंह राणा हनुमान अमित बिष्ट भूमिका निंभा रहे हैं। जगरोई किशन सिंह बिष्ट जबकि भान दिनश व महेंद्र हैं।
पांडव लीला के सफल आयोजन के लिए ग्रामीणों की ओर से समिति का गठन कर व्यवस्थाएं संभाली जा रही हैं। आयोजन समिति में प्रेम सिंह को अध्यक्ष, हरिश रावत को उपाध्यक्ष, अनिल रावत को कोषाध्यक्ष और जयप्रकाश पुरी को संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं गांव के अन्य ग्रामीण भी आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं। दस साल बाद हो रहे इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए ग्रामीणों में विशेष उत्साह बना हुआ है।








