शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने श्री विष्णु सहस्रनाम के साथ भगवान नृसिंह की पूजा-अर्चना की, एक हजार रोट भगवान को किए समर्पित
ज्योतिर्मठ (चमोली), 18 नवंबर। बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद आदि गुरु शंकराचार्य की पावन गद्दी और भगवान गरुड़ जी की प्रतिमा बुधवार को शीतकालीन पूजा स्थल ज्योतिर्मठ स्थित श्री नृसिंह मंदिर परिसर पहुंची। नगर आगमन पर स्थानीय श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने पुष्पवर्षा एवं मंगल ध्वनि के साथ डोली का भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज भी श्री नृसिंह मंदिर परिसर पहुंचे। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भगवान नृसिंह की पूजा-अर्चना की। इस दौरान ज्योतिर्मठ की मातृशक्ति द्वारा श्रद्धापूर्वक तैयार किए गए एक हजार रोट श्री विष्णु सहस्रनाम के पावन नामों के साथ भगवान के श्रीचरणों में समर्पित किए गए।
पूजा-अर्चना के बाद शंकराचार्य ने मंदिर परिसर में विराजमान भगवान गरुड़, गणेश, सूर्यदेव, माता महाकाली, भगवान शिव, भैरव, मां नवदुर्गा, गौरी-शंकर, भगवान वासुदेव, क्षेत्रपाल भैरव, तिमुंडिया वीर और हनुमान जी के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने आदि गुरु शंकराचार्य की पावन गद्दी का विधिवत पूजन किया और गद्दी स्थल पर विराजमान होकर उनकी स्तुति की। इस दौरान अद्वैत दर्शन के सिद्धांत ‘ब्रह्म सत्यं जगन्मिथ्या’ का स्मरण किया गया।
मां महालक्ष्मी के पूजन के उपरांत श्री नृसिंह मंदिर में सामूहिक पूजा-अर्चना और आरती संपन्न हुई। इसके बाद शंकराचार्य ने श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों और उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।
इस अवसर पर मंदिर समिति के प्रभारी राजेंद्र सेमवाल ने शंकराचार्य का स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम में आचार्य कुशलानंद बहुगुणा, आचार्य सुशील डिमरी, रामप्रसाद थपलियाल, नृसिंह मंदिर महिला मंगल दल की सदस्याओं सहित बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद आगामी छह माह तक भगवान बदरीविशाल की शीतकालीन नित्य पूजा-अर्चना ज्योतिर्मठ स्थित श्री नृसिंह मंदिर परिसर में ही संपन्न होगी।
Sign in
Welcome! Log into your account
Forgot your password? Get help
Password recovery
Recover your password
A password will be e-mailed to you.








