Home उत्तराखंड लोक संस्कृति हमारी पहचान और पूर्वजों की विरासत : मुख्यमंत्री धामी

लोक संस्कृति हमारी पहचान और पूर्वजों की विरासत : मुख्यमंत्री धामी

2
0

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी पहचान, इतिहास, परंपराओं और पूर्वजों के संघर्षों की जीवंत अभिव्यक्ति है। इसे संरक्षित कर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। मुख्यमंत्री रविवार को सोशल बलूनी स्कूल, देहरादून में आयोजित ‘उत्तराखण्ड लोक विरासत-2026’ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन लोगों को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ ही सांस्कृतिक पहचान पर गर्व करने का अवसर प्रदान करते हैं। ढोल-दमाऊं की थाप, लोकगीतों की मधुर धुन और पारंपरिक लोकनृत्य उत्तराखण्ड के गांव, घर और मिट्टी की यादों को जीवंत कर देते हैं। हमारी लोक परंपराओं में पहाड़ का जीवन, प्रकृति से जुड़ाव, सामाजिक समरसता और सामूहिकता की भावना समाहित है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को ‘विकास भी, विरासत भी’ का मंत्र दिया है। इसी भावना के अनुरूप राज्य सरकार धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए कार्य कर रही है। बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार करते हुए तीर्थस्थलों की गरिमा और आध्यात्मिक महत्व को बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने लोक कलाकारों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि कलाकार उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक धरोहर के संवाहक हैं। सरकार कलाकारों की सूची प्रत्येक छह महीने में अपडेट करती है, ताकि जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सके। कोरोना काल में लगभग 3,200 सूचीबद्ध लोक कलाकारों को प्रतिमाह दो हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई थी। वर्तमान में पात्र वरिष्ठ एवं अस्वस्थ लोक कलाकारों को तीन हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि लोक कलाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए छह माह की गुरु-शिष्य प्रशिक्षण कार्यशालाएं संचालित की जा रही हैं। सांस्कृतिक धरोहर से संबंधित पुस्तकों के प्रकाशन के लिए आर्थिक सहायता और लोक कला के संरक्षण एवं प्रदर्शन के लिए कला दीर्घाएं स्थापित की जा रही हैं। साहित्यकारों को पुरस्कारों के माध्यम से सम्मानित करने के साथ हिंदी और स्थानीय भाषाओं में साहित्यिक ग्रंथों के प्रकाशन के लिए भी अनुदान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपने घर के बुजुर्गों से लोकगीत सीखने, लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों को रिकॉर्ड करने और सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति को सहेजना, संवारना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना ही हमारा ‘विकल्प रहित संकल्प’ है।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध लोकगायक प्रीतम भरतवाण सहित अनेक लोक कलाकार मौजूद रहे। इस दौरान उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक संस्कृति पर आधारित लोकगीत, पारंपरिक लोकधुनों और लोकनृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, संस्कृति प्रेमियों और युवाओं ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।