आज दिनांक 13.11.2026 को फायर स्टेशन ज्योतिर्मठ की टीम द्वारा *राजकीय प्राथमिक विद्यालय, रविग्राम* में अग्निशमन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान *लीडिंग फायरमैन प्रदीप त्रिवेदी, फायरमैन नरेंद्र राणा* एवं *फायरमैन विकास नौटियाल* द्वारा विद्यालय में उपस्थित शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए आग लगने के विभिन्न कारणों, आग के प्रकार तथा उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
फायर सर्विस टीम द्वारा प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों एवं विभिन्न प्रकार के फायर एक्सटिंग्विशर के बारे में जानकारी देते हुए उनके उपयोग और संचालन की विधि समझाई गई। साथ ही बताया गया कि आग लगने की स्थिति में किस प्रकार सही अग्निशमन उपकरण का चयन कर शुरुआती स्तर पर आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा सकता है। टीम द्वारा बच्चों एवं शिक्षकों को विद्युत उपकरणों, गैस सिलेंडर एवं अन्य ज्वलनशील वस्तुओं का सावधानीपूर्वक उपयोग करने तथा छोटी-सी लापरवाही से होने वाली बड़ी अग्नि दुर्घटनाओं के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई।
इस दौरान छात्र-छात्राओं को आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ एवं सतर्कता से काम लेने, सुरक्षित स्थान पर पहुंचने तथा बिना जोखिम उठाए तत्काल आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।








