देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उनके अनुभव, ज्ञान, संसाधन और सामर्थ्य का लाभ प्रदेश को मिलना चाहिए। सरकार और प्रवासी समाज के सामूहिक प्रयासों से उत्तराखण्ड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को दून विश्वविद्यालय में आयोजित तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने देशभर से पहुंचे प्रवासी उत्तराखण्डियों का स्वागत करते हुए कहा कि सम्मेलन में ऐसा महसूस हो रहा है, जैसे एक ही परिवार के सदस्य लंबे समय बाद अपने घर लौटकर एकत्र हुए हों। उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डियों का अपनी मातृभूमि, संस्कृति और परंपराओं से भावनात्मक जुड़ाव बना हुआ है। इस अवसर पर उन्होंने अपने पैतृक गांवों को गोद लेकर विकास में योगदान देने की पहल करने वाले 30 प्रवासियों का विशेष आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड ने पिछले वर्षों में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है और पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उत्तराखण्ड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। साथ ही 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। प्रदेश में 3.5 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। इन महिलाओं को जल्द प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। अतिथि शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, आशा कार्यकर्ताओं और भोजन माताओं के मानदेय में भी जल्द वृद्धि की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कृषि एवं बागवानी को रोजगार और स्वरोजगार का माध्यम बनाने के लिए एप्पल मिशन, कीवी मिशन और तिमुर मिशन जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए शुरू किए गए हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, रेल और हवाई संपर्क सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। देहरादून की आगामी 50 वर्षों की पेयजल जरूरतों को पूरा करने के लिए सौंग बांध परियोजना पर काम चल रहा है। इसके अलावा जमरानी और लखवाड़ बांध परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है तथा किशाऊ बांध परियोजना के लिए समझौता ज्ञापन किया जा चुका है। किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर, पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार और प्रदेश में हेलीपोर्ट निर्माण की दिशा में भी कार्य किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रवासियों से अपने पैतृक गांवों से जुड़े रहने और शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बागवानी, पर्यटन तथा उद्यमिता के क्षेत्र में अपने अनुभव एवं विशेषज्ञता का लाभ प्रदेश को देने का आह्वान किया।
पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से लिपुलेख तक सड़क संपर्क विकसित हुआ है, जिससे श्रद्धालु भारतीय भूमि से ही कैलाश पर्वत के दर्शन कर पा रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बताया कि प्रवासियों से संवाद और राज्य के विकास में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए अक्टूबर 2022 में प्रवासी उत्तराखण्ड प्रकोष्ठ तथा अप्रैल 2025 में प्रवासी उत्तराखण्ड परिषद का गठन किया गया है। प्रवासियों के पंजीकरण और सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए वेबसाइट भी विकसित की गई है।
सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक विनोद चमोली, किशोर उपाध्याय, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांश पंत, अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
Sign in
Welcome! Log into your account
Forgot your password? Get help
Password recovery
Recover your password
A password will be e-mailed to you.








