Home उत्तराखंड चारधाम यात्रा की समीक्षा, 2026में श्रद्धालुओं की संख्या के टूटे सारे रिकॉर्ड

चारधाम यात्रा की समीक्षा, 2026में श्रद्धालुओं की संख्या के टूटे सारे रिकॉर्ड

1
0

अनूप नौटियाल सर की खास रिपोर्ट

आज सुबह हमने चारधाम यात्रा 2026 का तुलनात्मक विश्लेषण जारी किया। इस रिपोर्ट में गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब में वर्ष 2025 की तुलना में श्रद्धालुओं की संख्या, यात्रा की अवधि, श्रद्धालुओं की मृत्यु, शून्य-श्रद्धालु दिवस और प्रतिदिन औसत दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं का विश्लेषण किया गया है। वर्ष 2026 में कुल श्रद्धालुओं की संख्या का नया रिकॉर्ड बना, लेकिन इन आंकड़ों को उनके पूरे संदर्भ में समझना भी जरूरी है।

कुल श्रद्धालुओं की संख्या और 2026 में 29% की वृद्धि:

वर्ष 2026 में पांचों धामों में कुल 65,65,197 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जबकि 2025 में यह संख्या 51,07,346 थी। यानी एक वर्ष में 14,57,851 श्रद्धालुओं की वृद्धि हुई, जो लगभग 29% है।

बदरीनाथ में सर्वाधिक 23,49,345 श्रद्धालु पहुंचे। इसके बाद केदारनाथ में 19,33,138, गंगोत्री में 10,07,177, यमुनोत्री में 8,84,841 और हेमकुंड साहिब में 3,90,696 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

लंबी यात्रा अवधि और अधिक संचालन दिवस:

वर्ष 2026 में यात्रा की अवधि विशेष रूप से केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में बढ़ी। गंगोत्री में यात्रा 206 दिन चली, जबकि 2025 में यह अवधि 176 दिन थी। इसी तरह यमुनोत्री में 207 दिन (पिछले वर्ष 177 दिन) और केदारनाथ में 204 दिन (पिछले वर्ष 175 दिन) यात्रा संचालित हुई। बदरीनाथ में यात्रा 208 दिन चली, जबकि 2025 में यह 206 दिन थी। हेमकुंड साहिब में भी यात्रा की अवधि 139 से बढ़कर 141 दिन हो गई।

स्वास्थ्य संबंधी प्राकृतिक मौतों में चिंताजनक वृद्धि:

चारधाम यात्रा के दौरान कुल श्रद्धालुओं की मृत्यु 2025 में 182 थी, जो 2026 में बढ़कर 297 हो गई। यह 63% की वृद्धि है। सबसे अधिक चिंता की बात यह है कि स्वास्थ्य संबंधी प्राकृतिक मौतों की संख्या 159 से बढ़कर 288 हो गई, यानी 81% की वृद्धि।

यह स्थिति श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यापक समीक्षा की मांग करती है। यात्रा मार्गों पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं, स्वास्थ्य जांच, आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था और नियमित निगरानी सुनिश्चित करना जरूरी है। यात्रा प्रबंधन में श्रद्धालुओं की संख्या के साथ-साथ उनके जीवन की सुरक्षा, पूर्व तैयारी और समय पर चिकित्सा सहायता को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

शून्य-श्रद्धालु दिवस और व्यवधानों में उल्लेखनीय कमी:

पांचों धामों में शून्य-श्रद्धालु दिवसों की संख्या 2025 के 86 दिनों से घटकर 2026 में केवल 5 दिन रह गई। शून्य-श्रद्धालु दिवस वे दिन होते हैं, जब आपदा, खराब मौसम या मौसम संबंधी चेतावनियों के कारण श्रद्धालु धामों में दर्शन नहीं कर पाते। अपेक्षाकृत कम व्यवधान वाले मानसून सहित अन्य कारणों से 2026 में धाम अधिक दिनों तक श्रद्धालुओं के लिए खुले रहे।

वाहनों की संख्या में भारी वृद्धि;

चारधाम यात्रा के दौरान वाहनों की आवाजाही 2025 में 5,14,016 थी, जो 14 नवंबर 2026 तक बढ़कर 6,68,877 हो गई। यानी 30% से अधिक की वृद्धि।

वाहनों की इस बढ़ती संख्या से सड़कों, यातायात प्रबंधन, सड़क सुरक्षा, यात्रा संबंधी बुनियादी ढांचे और स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव बढ़ रहा है।

रिकॉर्ड संख्या से आगे: चुनौतियां और चिंताएं:

श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या को केवल उपलब्धि के रूप में देखने के बजाय धामों की वहन क्षमता, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं, स्वास्थ्य संबंधी मौतों, आपातकालीन तैयारियों, वाहनों से होने वाले प्रदूषण, कचरे के उत्पादन एवं प्रबंधन, मौसम संबंधी जोखिमों और हिमालय की पारिस्थितिक संवेदनशीलता के संदर्भ में भी देखना होगा।

उत्तराखंड के लिए जरूरी है कि तीर्थयात्रा, पर्यटन और स्थानीय आजीविका के बीच पर्यावरणीय संतुलन बना रहे। पर्याप्त योजना, बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा उपायों के बिना श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या भविष्य में गंभीर चुनौतियां पैदा कर सकती है।