Home उत्तराखंड जखोली में दर्दनाक सड़क हादसा, ईको खाई में गिरी, तीन की मौत,...

जखोली में दर्दनाक सड़क हादसा, ईको खाई में गिरी, तीन की मौत, चार घायल

2
0

रुद्रप्रयाग। जनपद के जखोली क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। हादसा अर्जुन बैंड के पास हुआ, जहां सवारियों से भरी एक ईको कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि वाहन में सवार सभी लोग शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब एक बजे पुलिस कंट्रोल रूम को अर्जुन बैंड के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। ईको वाहन संख्या UK13TA-4410 कुरछोला से जखोली की ओर जा रहा था। इसी दौरान अर्जुन बैंड के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में वाहन चालक विजय सिंह पंवार उर्फ नत्थू (41) पुत्र स्व. फते सिंह निवासी जखोली, बसंती देवी (52) पत्नी कार्तिक निवासी तैला और सुनीता देवी (35) पत्नी भरत सिंह निवासी तैला की मौत हो गई।
वहीं दुर्घटना में सतपाल सिंह निवासी कुनियाली गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा गया। इसके अलावा शिवानी (15) और दिव्यांशी (13), दोनों निवासी कुरछोला, अंजलि (26) निवासी जखोली बड़मा तथा सुमीता पत्नी सतपाल निवासी कुनियाली घायल हुई हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।