Home उत्तराखंड यात्रा मार्गों पर सेवा, संवेदनशीलता और ईमानदारी की मिसाल बनी चमोली पुलिस

यात्रा मार्गों पर सेवा, संवेदनशीलता और ईमानदारी की मिसाल बनी चमोली पुलिस

3
0

ऑक्सीजन की कमी से परेशान यात्री को पहुंचाई राहत

हेमकुण्ड साहिब यात्रा के दौरान अलवर (राजस्थान) से आए 06 यात्रियों के दल में शामिल 35 वर्षीय गगनदीप की काजला हेलीपैड के समीप अचानक तबीयत बिगड़ गई। ऊंचाई वाले क्षेत्र में ऑक्सीजन की कमी के कारण उनकी हालत खराब होने लगी। सूचना मिलते ही घांघरिया पुलिस चौकी से कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह नेगी, कांस्टेबल राहुल एवं कांस्टेबल प्रदीप तत्काल मौके पर पहुंचे। यात्री की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल पालकी की व्यवस्था कर उन्हें सुरक्षित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र घांघरिया पहुंचाया गया। उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर आगे की यात्रा के लिए घोड़े की व्यवस्था भी कराई गई। यात्री एवं उनके साथियों ने चमोली पुलिस की त्वरित सहायता के लिए आभार व्यक्त किया।

घायल महिला श्रद्धालु को रात में सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया

अमृतसर (पंजाब) से आए 15 श्रद्धालुओं के दल में शामिल कमलजीत कौर हेमकुण्ड साहिब यात्रा के दौरान रामढ़ुंगी के पास अचानक गिरकर घायल हो गईं। रात्रि के समय सूचना प्राप्त होते ही चौकी प्रभारी घांघरिया उ0नि0 अमनदीप सिंह, हेड कांस्टेबल देवप्रकाश, कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह नेगी एवं ATS टीम मौके पर पहुंची। महिला की स्थिति को देखते हुए तत्काल पालकी की व्यवस्था कर उन्हें सुरक्षित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र घांघरिया पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य हुई। श्रद्धालुओं ने पुलिस की तत्परता और मानवीय व्यवहार की सराहना की।

ईमानदारी की मिसाल, लाखों की ज्वैलरी और जरूरी सामान लौटाया

बद्रीनाथ धाम यात्रा के दौरान मंदिर समिति कर्मचारी राकेश द्वारा कर्नाटक निवासी लक्ष्मी बाई नारायण राव का पर्स, नकदी एवं महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित लौटाए गए वहीं कर्मचारी राजदीप सनवाल ने पुलिस के सहयोग से लगभग 5 लाख रुपये मूल्य के सोने एवं हीरे के आभूषण उनके वास्तविक स्वामी तक पहुंचाकर ईमानदारी की मिसाल पेश की। इस कार्य की यात्रियों एवं स्थानीय लोगों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।

बिछड़ी वृद्ध महिला को परिजनों से मिलाया

गुजरात निवासी श्रीमती हीराबेन अपने परिजनों के साथ श्री बद्रीनाथ धाम दर्शन हेतु आई थीं। मंदिर परिसर में अत्यधिक भीड़ के दौरान वे अपने परिजनों से बिछड़ गईं और लॉर्ड्स तिराहा क्षेत्र में अकेली मिलीं। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम के माध्यम से अनाउंसमेंट कराया गया तथा यातायात पुलिस के अपर उपनिरीक्षक मुकेश कुमार एवं कांस्टेबल कैलाश रावत द्वारा लगातार खोजबीन की गई। अथक प्रयासों के बाद वृद्ध महिला को सकुशल उनके परिजनों से मिलाया गया। अपने परिजनों से मिलकर भावुक महिला एवं उनके परिवारजनों ने चमोली पुलिस का हृदय से धन्यवाद किया।