Home उत्तराखंड चारधाम यात्रा में सुरक्षित परिवहन को लेकर चमोली पुलिस का जागरूकता अभियान,...

चारधाम यात्रा में सुरक्षित परिवहन को लेकर चमोली पुलिस का जागरूकता अभियान, माणा बस पार्किंग में चालकों को दिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश

3
0

चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस चमोली द्वारा माणा बस पार्किंग में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर *यातायात निरीक्षक दिगम्बर उनियाल* द्वारा बस एवं टैक्सी चालकों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन तथा जिम्मेदार वाहन संचालन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

निरीक्षक दिगम्बर उनियाल ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान जनपद चमोली की सड़कों पर वाहनों का दबाव अत्यधिक बढ़ जाता है। ऐसे में वाहन चालकों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, ओवरलोडिंग से बचने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।

उन्होंने बताया कि पहाड़ी मार्गों पर थोड़ी सी असावधानी भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए सभी चालक यात्रा मार्गों पर धैर्य, संयम एवं सतर्कता के साथ वाहन संचालन करें तथा यातायात पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करें।

कार्यक्रम के दौरान वाहन चालकों को *MACT (Motor Accident Claims Tribunal) Solatium Scheme* के संबंध में भी जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि हिट एंड रन जैसी दुर्घटनाओं में पीड़ितों एवं उनके परिजनों को सरकार द्वारा निर्धारित आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। साथ ही *प्रधानमंत्री राहत योजना* के तहत दुर्घटना पीड़ितों को मिलने वाली सहायता एवं अन्य प्रावधानों की भी जानकारी साझा की गई।

यातायात निरीक्षक ने उपस्थित चालकों से कहा कि दुर्घटना की स्थिति में घायलों की सहायता करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। समय पर दी गई मदद किसी की जान बचा सकती है। उन्होंने वाहन चालकों को *गुड सेमेरिटन* प्रावधानों के बारे में भी जागरूक करते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने वालों को कानून द्वारा संरक्षण प्रदान किया गया है।

इस दौरान अपर उपनिरीक्षक मुकेश भी मौजूद रहे।