गोपेश्वर। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला सभागार में जिला बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड एवं जिला बाल संरक्षण इकाई की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में मिशन वात्सल्य, पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन, मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना, बाल संरक्षण सेवाओं तथा किशोर न्याय से जुड़े विभिन्न मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पात्र बच्चों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मिशन वात्सल्य के तहत जनपद के 184 पात्र लाभार्थियों को शीघ्र चिन्हित कर सभी को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र बच्चा आवश्यक प्रमाण पत्र के अभाव में योजना से वंचित न रहे। इसके लिए कैंप मोड में विशेष शिविर आयोजित कर सभी जरूरी प्रमाण पत्र बनाए जाएं।
बैठक में मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत संस्थागत देखभाल, स्पेशलाइज्ड एडॉप्शन एजेंसी, बाल गृह, सम्प्रेक्षण गृह और फॉस्टर केयर की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बच्चों के संरक्षण एवं पुनर्वास से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
उन्होंने श्रम विभाग को निर्देश दिए कि श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाएं श्रम कानूनों के अनुरूप उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही बाल विवाह, पॉक्सो अधिनियम के मामलों और बाल भिक्षावृत्ति की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों को समन्वित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में किशोर न्याय बोर्ड के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। इसके अलावा अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम से संबंधित मामलों की समीक्षा तथा दिव्यांगजनों के लिए दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने हेतु विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने संकटग्रस्त एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों के लिए संचालित चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश देते हुए कहा कि जरूरतमंद बच्चों तक समय पर सहायता पहुंचाना सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी हिमांशु बडोला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Sign in
Welcome! Log into your account
Forgot your password? Get help
Password recovery
Recover your password
A password will be e-mailed to you.








