Home उत्तराखंड अहमदाबाद की वैशाली पंड्या ने गोपेश्वर में किया 144वीं बार रक्तदान, रेड...

अहमदाबाद की वैशाली पंड्या ने गोपेश्वर में किया 144वीं बार रक्तदान, रेड क्रॉस ने किया सम्मानित

2
0

गोपेश्वर, 17 जुलाई।
जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में शुक्रवार को अहमदाबाद (गुजरात) से पहुंचे रेड क्रॉस ब्लड बैंक कोऑर्डिनेटर वैशाली पंड्या और डॉ. हितेश पंड्या ने रक्तदान किया। इस अवसर पर वैशाली पंड्या ने अपने जीवन का 144वां रक्तदान कर मानव सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।
रक्तदान के बाद भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, जिला शाखा चमोली के सचिव सुरेंद्र सिंह रावत ने दोनों रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं रेड क्रॉस बैज प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही वैशाली पंड्या को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया।
वैशाली पंड्या ने कहा कि बदरी-केदार धाम के दर्शन के बाद सीमांत जनपद चमोली में रक्तदान करना उनके लिए एक विशेष और भावनात्मक अनुभव है। उन्होंने बताया कि चमोली जैसे पर्वतीय जनपद में सड़क दुर्घटनाओं और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की आवश्यकता अधिक रहती है। ऐसे में यहां रक्तदान कर उन्हें आत्मिक संतोष की अनुभूति हुई है।
उन्होंने कहा कि अहमदाबाद एशिया के सबसे बड़े रक्तदान केंद्रों में से एक है, लेकिन देवभूमि उत्तराखंड के चमोली जिले में रक्तदान करने का अनुभव अलग ही प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान कर जरूरतमंदों की जान बचाने की अपील की।
इस अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी के स्वयंसेवक शंकर बिष्ट सहित अन्य रेड क्रॉस कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।