Home उत्तराखंड चमोली: आपदा राहत से लेकर प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण तक, रेडक्रॉस ने तय...

चमोली: आपदा राहत से लेकर प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण तक, रेडक्रॉस ने तय की नई कार्ययोजना

3
0

चमोली। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा चमोली की वार्षिक आम बैठक शनिवार को संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने की। कार्यक्रम में जिला शाखा के अध्यक्ष ओम प्रकाश ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
बैठक में वर्ष 2025–26 के दौरान रेडक्रॉस द्वारा किए गए सेवा कार्यों की समीक्षा करते हुए आगामी वर्ष की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। शाखा के सचिव सुरेंद्र रावत ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि रेडक्रॉस ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों नंदानगर, थराली, जोशीमठ तथा पल्ला-जखोल सहित जनपद के सैकड़ों जरूरतमंद परिवारों को राहत सामग्री एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई। उन्होंने शाखा के नए एवं आजीवन सदस्यों की जानकारी भी बैठक में साझा की।
बैठक में रेडक्रॉस कार्यालय के पुनर्निर्माण, शाखा के लिए एम्बुलेंस उपलब्ध कराने, जनपद के प्रत्येक गांव में प्राथमिक उपचार एवं आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण आयोजित करने, सभी वाहन चालकों को प्राथमिक उपचार एवं आपदा प्रबंधन का विशेष प्रशिक्षण देने तथा जनपद के प्रत्येक ब्लॉक में रेडक्रॉस की गतिविधियों का विस्तार करने जैसे महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति व्यक्त की गई। साथ ही रेडक्रॉस की सदस्यता बढ़ाने और जनसेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।
अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने कहा कि आपदा संभावित जनपद चमोली में रेडक्रॉस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने संस्था द्वारा किए जा रहे मानवीय कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन भविष्य में भी रेडक्रॉस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाएगा।
बैठक में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा चमोली के उपाध्यक्ष नंदन सिंह रावत, कोषाध्यक्ष शरण सिंह नेगी, हिम्मत सिंह रावत, भगत सिंह बिष्ट, ओमप्रकाश भट्ट, डॉ. दर्शन सिंह नेगी, कृष्ण कुमार सेमवाल, विनोद रावत, शंकर बिष्ट, हर्षि खंडूरी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने रेडक्रॉस की सेवाओं को जनपद के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा आपदा एवं स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में संस्था को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।