Home उत्तराखंड गढ़वाल गौरव सम्मान!– पेड वाले गुरूजी’ धन सिंह घरिया को गढ कौथिग...

गढ़वाल गौरव सम्मान!– पेड वाले गुरूजी’ धन सिंह घरिया को गढ कौथिग में किया गया सम्मानित..

25
0

गढ़वाल गौरव सम्मान!– पेड वाले गुरूजी’ धन सिंह घरिया को गढ कौथिग में किया गया सम्मानित..
संजय चौहान!
विगत दो दशको से पर्यावरण संरक्षण के लिए अनुकरणीय कार्य करने वाले शिक्षक धन सिंह घरिया को देहरादून में आयोजित गढ कौथिग में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नें गढ़वाल गौरव सम्मान से सम्मानित किया। शिक्षक धन सिंह घरिया को पर्यावरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए उक्त सम्मान से सम्मानित किया गया।

गौरतलब है कि धन सिंह घरिया विगत दो दशको से पर्यावरण के क्षेत्र में कार्य कर रहें हैं। इस दौरान इन्होने विभिन्न स्थानों पर 1 लाख से अधिक पेड़ लगाएं हैं। साथ ही धार्मिक स्थलों और पर्यटक स्थलों में पाॅलीथिन उन्मूलन कार्यक्रमों के जरिये स्वच्छता अभियान भी चलाते हैं। वर्तमान में जनपद चमोली के पोखरी विकासखण्ड के दुर्गम क्षेत्र में स्थित गोदली इंटर कॉलेज में विगत 17 बर्षों से अपनी सेवा दे रहे हैं। धन सिंह घरिया ने गोदली विद्यलय और अपने गांव में विभिन्न प्रजाति के पेड़ों को लगाकर मिश्रित वन और रूद्राक्ष वन को तैयार किया है। पेड वाले गुरूजी के नाम से प्रसिद्ध धन सिंह घरिया पर्यावरण गतिविधियों के साथ साथ सामाजिक सरोकारों से भी जुड़े हुये हैं। ये बेसहारा बच्चों के लिए किसी देवदूत से कम नहीं हैं। वे हर साल 15 अगस्त को गरीब बेटियों को गोद लेते हैं और उनकी पढ़ाई का खर्च वहन करते हैं। अभी तक ये अपने वेतन से 200 जरूरतमंद बच्चों की मदद कर चुके हैं। जिसमे स्कूल ड्रेस से लेकर फीस, कॉपी, किताब, पेन, बिस्तर, बर्तन इत्यादि शामिल है। पेड वाले गुरूजी को पर्यावरण और सामाजिक दायित्व के निर्वहन के लिए जयदीप सम्मान, हिमालय गौरव सहित दो दर्जन से अधिक पुरूस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

पेड़ों वाले गुरु जी से लम्बी गुफ्तगू करने पर कहतें हैं की धार्मिक तीर्थ स्थलों की स्वच्छता बढ़ने से लोगों का विश्वास भी इन स्थानों पर बढेगा। हमें कोशिस करनी चाहिए की सामजिक पर्यावरण कैसे स्वच्छ हो। गांवो से लेकर मठ मंदिरों में हरियाली और स्वच्छता होगी तो पर्यावरण अपने आप संतुलित होगा। मैं चाहता हूँ की हमारे बुग्याल, धार्मिक स्थल, पर्यटन केंद्र पाॅलिथिन मुक्त हो, जिससे इनकी गरिमा भी बनी रहे। और वातावरण भी स्वच्छ रहे। इसलिए ऐसे स्थानों पर सरकार को पाॅलिथिन पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा देना चाहिए।

हमारी ओर से भी पेड वाले गुरूजी’ धन सिंह घरिया को गढ कौथिग में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा गढ़वाल गौरव सम्मान से सम्मानित होने पर ढेरों बधाईयां। भगवान बद्रीविशाल से कामना करते हैं कि आने वाले समय में आपको हर रोज ऐसे ही अनगिनत सम्मान मिलते रहे।