चमोली। भारत और अमेरिका की सेनाओं के बीच आयोजित संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘युद्ध अभ्यास-2026’ के तहत औली में दोनों देशों के सैनिकों ने जंगल युद्ध, इनडोर फायरिंग और रॉक-फेस रैपेलिंग का संयुक्त प्रशिक्षण लिया। अभ्यास में अमेरिकी सेना की 11वीं एयरबोर्न डिवीजन और भारतीय सेना की गढ़वाल रेजिमेंट के जवानों ने एकीकृत टुकड़ियों के रूप में भागीदारी की।
प्रशिक्षण के दौरान सैनिकों ने घने जंगलों में नेविगेशन, सिमुलेशन राउंड के जरिए लक्ष्य भेदन और एक-दूसरे की रणनीतियों, तकनीकों एवं प्रक्रियाओं को समझते हुए पारस्परिक संचालन क्षमता को मजबूत किया।

औली स्थित फॉरेन ट्रेनिंग नोड (FTN) में हाल ही में शुरू की गई इनडोर शूटिंग रेंज में भी दोनों देशों के सैनिकों ने प्रशिक्षण लिया। इस दौरान अमेरिकी सैनिकों को भारत में निर्मित AK-203 असॉल्ट राइफल से व्यावहारिक फायरिंग का अनुभव प्राप्त हुआ।
अभ्यास के अगले चरण में संयुक्त रैपेलिंग प्रशिक्षण कराया गया। सैनिकों ने चट्टान की दीवार से नीचे उतरने का अभ्यास कर ऊंचाई वाले दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में अभियान के लिए जरूरी पर्वत युद्ध कौशल को मजबूत किया।
घने जंगलों से लेकर आधुनिक फायरिंग रेंज और खड़ी चट्टानों तक आयोजित यह संयुक्त प्रशिक्षण युद्ध अभ्यास-2026 में दोनों सेनाओं के बीच जमीनी स्तर पर समन्वय, अनुभव साझा करने और पारस्परिक संचालन क्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
Home उत्तराखंड औली में भारत-अमेरिका सैनिकों का संयुक्त प्रशिक्षण, युद्ध अभ्यास-2026 में निखरे पर्वतीय...








