Home उत्तराखंड एक छतरी के नीचे मिलेगा किसानों को लाभ- कृषि मंत्री

एक छतरी के नीचे मिलेगा किसानों को लाभ- कृषि मंत्री

23
0

चमोली: एकीकृत आदर्श कृषि ग्राम योजना से एक ही छतरी के तले कृषकों को सभी योजनाओं लाभ मिलेगा और कृषकों की आर्थिकी मजबूत होगी। यह बात रविवार को चमोली जनपद के भ्रमण पर संस्कृत ग्राम रतूडा पहुंचे राज्य के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री सुबोध उनियाल ने कृषकों समूहों एवं क्षेत्रीय जनता को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान कृषि मंत्री ने रतूडा में रत्नेश्वर स्वायत्त सहकारिता के तत्वाधान में संचालित होने वाले ओपन पर्वतीय कृषि विद्यालय में भी प्रतिभाग किया।

कृषि मंत्री ने कहा कि कृषकों की आय दोगुनी करने के लिए उनकी सरकार प्रतिबद्व है। कृषकों की आर्थिकी को सुदृढ करने के लिए राज्य सरकार ने पिछले तीन सालों में 100 से अधिक कृषक कल्याण योजनाएं शुरू की है। इसमें एकीकृत आदर्श ग्राम कृषि योजना भी शामिल है। कहा कि इस योजना में किसान समूह में कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, मुर्गी व भेड बकरी पालन से जुड़कर अच्छी आजीविका कमा सकते है। इसके लिए किसान समूहों को सभी योजनाओं का लाभ भी दिया जा रहा है। कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा कृषि उन्नयन के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने पर केन्द्र सरकार से राज्य को 6 करोड़ का पुरस्कार प्रदान किया है जिसे कृषकों के उत्थान के लिए खर्च किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कृषि और उद्यान क्षेत्र में स्वरोजगार की भरपूर संभावनाएं है और कृषि व उद्यान पर्वतीय क्षेत्रों से हो रहे पलायन को रोकने में भी सहायक सिद्व होगा। इस अवसर पर कृषि मंत्री ने संस्कृत ग्राम रतूडा में अगले वर्ष से एकीकृत आदर्श कृषि ग्राम योजना शुरू करने की बात भी कही।

कृषि मंत्री ने कहा कि किसी भी देश और राज्य के विकास में किसानों की अहम भूमिका रहती है। देश में लागू कृषि सुधार कानूनों के बारे में जानकारी देते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि कृषकों के हितों को ध्यान में रखते हुए ही कृषि कानून बनाए गए है जिससे किसानों को भरपूर लाभ मिलेगा। कहा कि कृषि सुधार कानून लागू होने से किसान अपने उत्पाद कही भी किसी भी मंडी में अच्छे दामों पर बेच सकते है। आॅनलाइन बिक्री के लिए भी किसान स्वतंत्र है। किसी भी कारण से किसानों की फसल बर्बाद होने पर कृषकों को आर्थिक नुकसान न हो इसके लिए काॅन्ट्रेक्ट फार्मिग की व्यवस्था बनाई गई है। कहा कि कृषि सुधार कानूनों पर कुछ लोग किसानों को गुमराह कर भ्रम फैला रहे है।

क्षेत्रीय विधायक सुरेन्द्र सिंह नेगी एवं उच्च शिक्षा सचिव विनोद रतूडी ने सुदूरवर्ती क्षेत्रों में कृषि को बढावा देने के लिए कृषि मंत्री का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक ने रतूडा में रत्नेश्वर महादेव मंदिर के सौन्दर्यीकरण के लिए 5 लाख की धनराशि देने की घोषणा भी की। वही कृषि मंत्री के रतूडा पहुॅचने पर क्षेत्रवासियों ने जोरदार स्वागत किया।

इस अवसर पर कर्णप्रयाग विधायक सुरेन्द्र सिंह नेगी, सचिव उच्च शिक्षा विनोद रतूडी, औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष अनिल नौटियाल, भाजपा जिला महामंत्री समीर मिश्रा, कर्णप्रयाग नगर पालिका अध्यक्ष दमयंती रतूडी, ज्येष्ठ प्रमुख हरेन्द्र सिंह, भाजपा ब्लाक उपाध्यक्ष सुमन डिमरी, वरिष्ठ कार्यकर्ता टीका प्रसाद मैखुरी, अन्य क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, एसडीएम कौशतुभ मिश्रा, डीडीओ सुमन बिष्ट, मुख्य उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह आदि सहित बडी संख्या में क्षेत्र के कृषक एवं  स्थानीय जनता मौजूद रही।