Home उत्तराखंड 10 हजार रुपये के लेनदेन में हत्या, 24 घंटे के भीतर आरोपी...

10 हजार रुपये के लेनदेन में हत्या, 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

190
0

कर्णप्रयाग। चमोली जिले के कर्णप्रयाग थाना क्षेत्र के सेमी गांव में 10 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई। आरोप है कि बकाया रकम को लेकर हुए विवाद के बाद युवक ने अपने साथी पर बांस के डंडे से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद फरार हुए आरोपी को कर्णप्रयाग पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो बांस के डंडे भी बरामद किए हैं।


पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से सेमी गांव में दो व्यक्तियों के बीच झगड़े और एक युवक के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को पानी की टंकी के पास सुमित कुमार (28) पुत्र सौनाथ, निवासी कलापुर बुजुर्ग, थाना कीरतपुर, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश अचेत अवस्था में मिला। उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें थीं। पुलिस उसे तत्काल उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की गई। क्षेत्राधिकारी कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक विनोद प्रसाद थपलियाल के नेतृत्व में पुलिस ने तलाश अभियान चलाया। इस दौरान आरोपी सुनील कुमार (28), निवासी गोठिंडा जूनिधार, थाना थराली, चमोली को पोखरी रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। मृतक के बड़े भाई विपिन कुमार की तहरीर पर कोतवाली कर्णप्रयाग में मुकदमा अपराध संख्या 35/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
10 हजार रुपये थे बकाया
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पास दो खच्चर हैं और वह पिछले 15 से 20 दिनों से सुमित के साथ रेत-बजरी ढुलाई का काम कर रहा था। आरोपी के अनुसार, सुमित पर उसके 10 हजार रुपये बकाया थे। इसी रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, 15 अक्टूबर को शराब पीने के बाद आरोपी सुमित के डेरे पर पहुंचा और विवाद के दौरान बांस के डंडे से उसके सिर पर वार कर दिया। सुमित के जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपी ने उस पर कई वार किए।
इस दौरान सुमित की आवाज सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे साथी अशोक कुमार को आरोपी ने धमकी देकर वहां से भगा दिया और मौके से फरार हो गया। इसके बाद अशोक ने पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास से हत्या में प्रयुक्त दो बांस के डंडे बरामद किए। गिरफ्तार आरोपी को 16 अक्टूबर को न्यायिक मजिस्ट्रेट कर्णप्रयाग के न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विनोद प्रसाद थपलियाल, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह नेगी, उपनिरीक्षक मानवेन्द्र गुसाईं, जय सिंह राणा और वीरपाल नेगी सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।