नगर पंचायत बदरीनाथ का 50 सदस्यीय दल पहुंचा बदरीनाथ धाम
धाम में पैदल मार्ग, पथ प्रकाश, शौचालय सहित यात्री सुविधाओं को दुरस्त करने का कार्य हुआ शुरु
श्री बदरीनाथ धाम की यात्रा के शुरु होने में अब महज 21 दिनों का समय शेष है। ऐसे में नगर पंचायत बदरीनाथ की ओर से धाम में यात्रा की तैयारियों को लेकर व्यवस्थाओं को चाक चौबंद करने का कार्य शुरु कर दिया है। नगर पंचायत की ओर से बदरीनाथ में 50 सदस्यीय दल को यात्रा तैयारियों के लिए भेज दिया गया है। दल की ओर से यहां आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरस्त करने का कार्य किया जा रहा है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि बदरीनाथ धाम की यात्रा के सुचारु और व्यवस्थित संचालन के लिए तैयारियां की जा रही हैं। जहां एनएचआईडीसीएल, बीआरओ और लोनिवि (एनएच) को सभी सड़क मार्गों के सुधारीकरण के निर्देश दिए गए हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग के साथ ही अन्य विभागों को भी यात्रा से पूर्व सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। बताया कि बदरीनाथ धाम में यात्री सुविधाओं को व्यवस्थित करने के लिए नगर पंचायत बदरीनाथ के 50 सदस्यों के दल को धाम में भेजा गया है। दल की ओर से धाम के पैदल रास्तों की मरम्मत के साथ ही पथ प्रकाश, शौचालय, फास्ट ट्रैक और सफाई व्यवस्था को लेकर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। कहा कि नगर पंचायत के साथ ही यात्रा व्यवस्थाओं से जुड़े सभी विभागों को यात्रा से पूर्व व्यवस्थाओं को चाक-चौबंध करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला सूचना अधिकारी
चमोली








