Home उत्तराखंड फेमिना मिस इंडिया के ग्रैंड फिनाले में उत्तराखंड की आंचल फर्स्वाण से...

फेमिना मिस इंडिया के ग्रैंड फिनाले में उत्तराखंड की आंचल फर्स्वाण से लोगों की उम्मीदें, 18 अप्रैल को भुवनेश्वर में आयोजित होगा ग्रैंड फिनाले..

6
0

चमोली के किरुली गांव की है आंचल फर्स्वाण
गांव वालों को उम्मीद है कि आंचल फर्स्वाण फेमिना मिस इंडिया कंप्टीशन की विजेता बनेगी

पीपलकोटी।

फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता का अंतिम मुकाबला कल शनिवार को उड़ीसा राज्य के भुवनेश्वर में आयोजित होगा। 61वीं फेमिना मिस इंडिया का ग्रैंड फिनाले 18 अप्रैल को भुवनेश्वर के कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (केआईआईटी) परिसर में आयोजित किया जाएगा। देश भर से 30 प्रतिभागी इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे हैं। 18 अप्रैल को होने वाले भव्य समारोह में बुद्धिमत्ता, प्रतिभा और सौंदर्य का शानदार संगम देखने को मिलेगा। ग्रैंड फिनाले में “विश्व सूत्र – विश्‍व के लिए भारत की बुनाई” नाम की विशेष पहल के तहत, विशेष हथकरघा संग्रह प्रस्‍तुत किया जाएगा। यह संग्रह भारतीय बुनकरों की कलात्मकता दर्शाएगा जिसमें हथकरघा क्षेत्र की संवहनीयता और सांस्कृतिक गहराई दिखेगी।

गौरतलब है कि आंचल फर्स्वाण ने बीते साल मिस इंडिया उत्तराखंड 2026 के ग्रैंड फिनाले में में उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से 21 प्रतिभागियों को पछाड़ते हुऐ ताज पर कब्जा किया था और प्रतियोगिता की विजेता बनकर चमोली जनपद का नाम रोशन किया था। आंचल सीमांत जनपद चमोली के बंड क्षेत्र पीपलकोटी के किरुली गांव की निवासी है। वर्तमान में उनका परिवार देहरादून के रायपुर में रहता है। फिजियोथैरेपिस्ट की पढ़ाई कर रही आंचल फर्स्वाण बेहद साधारण परिवार से ताल्लुक रखती है। आंचल के पिताजी रविन्द्र फर्स्वाण भारतीय सेना के सेवानिवृत्त सूबेदार है और मां गृहिणी। आंचल के दादा स्वर्गीय गजपाल फर्स्वाण भी भारतीय सेना से सेवानिवृत्त सूबेदार थे। आंचल फर्स्वाण के फेमिना मिस इंडिया के ग्रैंड फिनाले में उनके गांव किरुली और बंड क्षेत्र की निवासियों को उम्मीद है कि आंचल फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता का ताज भी हासिल करेगी। सामाजिक सरोकारों से जुड़े युवा संजय चौहान ने कहा कि पहाड़ की बेटी का इतने बड़े मंच तक पहुंचना वाकई गौरवान्वित है, हमें विश्वास है कि आंचल फर्स्वाण फेमिना मिस इंडिया का किताब अपने नाम करेगी। बंड विकास संगठन के अध्यक्ष देवेंद्र नेगी, पूर्व अध्यक्ष अतुल शाह, लक्ष्मसिंह चौहान, प्रेम सिंह चौहान, जसवंत सिंह फर्स्वाण, प्रदीप फर्स्वाण को उम्मीद है कि आंचल फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता को जरुर जीतेगी।

फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता में उत्तराखंड राज्य का प्रतिनिधित्व कर रही आंचल फर्स्वाण का मानना है कि मेरे लिए, यह केवल प्रतिनिधित्व की बात नहीं है; यह अपनी जड़ों, अपनी संस्कृति और मुझ पर विश्वास करने वाले लोगों का सम्मान करने की बात है। यहां खड़े होकर मैं कृतज्ञता, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प महसूस कर रही हूं कि मैं अपने राज्य को गौरवान्वित करूंगी।

वही आंचल फर्स्वाण के पिताजी रविन्द्र फर्स्वाण और मां शांती देवी फर्स्वाण ने बताया कि पहाड़ की बेटी का यहां तक पहुंचना आने वाले समय में पहाड़ की बेटियों के लिए प्रेरणा देगा। हमें विश्वास है कि हमारी बेटी आंचल फर्स्वाण जरूर फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता की विनर बनेगी।