Home उत्तराखंड मां नंदा देवी राजजात की तैयारियां अंतिम चरण में, समिति ने जिलाधिकारी...

मां नंदा देवी राजजात की तैयारियां अंतिम चरण में, समिति ने जिलाधिकारी से की मुलाकात

8
0

चमोली।
5 सितंबर से शुरू होने वाली मां नंदा देवी राजजात (बड़ी जात) की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। यात्रा मार्ग पर अवस्थापना सुविधाओं को समय पर पूरा कराने के उद्देश्य से समिति के अध्यक्ष कर्नल हरेंद्र रावत के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी गौरव कुमार से मुलाकात कर यात्रा मार्ग और विभिन्न पड़ावों की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।
समिति की ओर से जिलाधिकारी को बताया गया कि यात्रा मार्ग के सभी पड़ावों पर पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य, बिजली, संचार और अन्य मूलभूत सुविधाएं यात्रा शुरू होने से पहले उपलब्ध कराई जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
समिति के सदस्य लाखन सिंह रावत (थराली) ने कहा कि मां नंदा पूरे हिमालय क्षेत्र की आराध्य देवी हैं। राजजात यात्रा को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी लोग मिलकर कार्य कर रहे हैं। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह का माहौल है।
समिति के अध्यक्ष कर्नल हरेंद्र रावत ने बताया कि प्रत्येक 12 वर्षों में आयोजित होने वाली मां नंदा देवी राजजात के सफल आयोजन के लिए कुमाऊं मां नंदा-सुनंदा समिति, टिहरी राजदरबार, नौटी तथा शासन-प्रशासन के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि राजजात यात्रा की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग पर निर्माण एवं अन्य व्यवस्थाओं में तेजी लाई जा रही है तथा निर्जन पड़ावों पर आवश्यक सुविधाएं विकसित करने के लिए वन विभाग को भी निर्देशित किया गया है।
इस अवसर पर नरेंद्र सिंह बिष्ट, सुखवीर रौतेला सहित समिति के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।