ज्योतिर्मठ। ज्योतिर्मठ क्षेत्र में लगातार हो रही घटनाओं और एक युवक की गुमशुदगी के मामले में पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली से नाराज पैनखंडा क्षेत्र के ग्रामीणों ने शुक्रवार को चेतावनी रैली निकालकर सरकार और पुलिस प्रशासन के प्रति आक्रोश जताया। ग्रामीणों ने लापता युवक प्रमोद सिंह रावत की जल्द तलाश करने और मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच तेज करने की मांग की।
ग्राम सलूड डुंग्रा निवासी मुकेश सिंह पुत्र स्व. प्रेम सिंह ने उपजिलाधिकारी ज्योतिर्मठ को ज्ञापन सौंपकर अपने छोटे भाई प्रमोद सिंह रावत की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने तथा अब तक की जांच की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है।
ज्ञापन के अनुसार, प्रमोद सिंह रावत केदारनाथ घाटी में घोड़ा-खच्चर चलाने का कार्य करता था। वह मदन सिंह निवासी स्यारी बंगारी, नंदानगर के साथ काम करता था। दोनों 26 अगस्त 2026 तक सोनप्रयाग में साथ थे। इसी दौरान खच्चर चोरी के आरोप में सोनप्रयाग पुलिस थाने में शिकायत दर्ज हुई, जिसके बाद मदन सिंह को गिरफ्तार किया गया।
परिजनों का कहना है कि गिरफ्तारी से पहले प्रमोद सिंह कुछ दिनों तक मदन सिंह के घर पर भी रहा था। 6 सितंबर को प्रमोद ने फोन पर अपनी पत्नी को बताया था कि उसे सुरेंद्र सिंह और मदन सिंह से खतरा है। उसने आशंका जताई थी कि यदि उसके साथ कोई घटना होती है तो इन दोनों को पकड़ा जाए। इसके बाद से प्रमोद सिंह का कोई पता नहीं चल पाया है और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है।
परिजनों और ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की, लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी। ग्रामीणों का आरोप है कि तीन माह बीत जाने के बावजूद प्रमोद की पत्नी और बड़े भाई को पुलिस जांच के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं दी गई है।
ज्ञापन में प्रशासन से दस दिन के भीतर गुमशुदगी की एफआईआर की प्रति और जांच की प्रगति की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि तीन दिन के भीतर एफआईआर दर्ज नहीं की गई तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
ग्रामीणों ने कहा कि मामले में शीघ्र कार्रवाई कर प्रमोद सिंह को खोजने के लिए पुलिस प्रशासन गंभीरता से प्रयास करे, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
Sign in
Welcome! Log into your account
Forgot your password? Get help
Password recovery
Recover your password
A password will be e-mailed to you.









