Home उत्तराखंड वीबीजी रामजी योजना के शुभारम्भ पर आयोजित हुआ कार्यक्रम, मनरेगा श्रमिकों व...

वीबीजी रामजी योजना के शुभारम्भ पर आयोजित हुआ कार्यक्रम, मनरेगा श्रमिकों व स्वयं सहायता समूहों को दी गई जानकारी

3
0

चमोली जनपद में भारत सरकार की वीबीजी रामजी योजना के शुभारम्भ के अवसर पर गुरुवार को विकास भवन गोपेश्वर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के संबोधन के साथ हुआ, जिसका सीधा प्रसारण भी प्रतिभागियों को दिखाया गया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, मनरेगा श्रमिक, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य योजना की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश साझा करना था।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने कहा कि चमोली जनपद में वीबीजी रामजी योजना को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने योजना के उद्देश्यों और कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना मनरेगा से अलग स्वरूप में संचालित होगी और इसके अंतर्गत निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य किए जाएंगे। उन्होंने संबंधित विभागों से आपसी समन्वय के साथ योजना को सफल बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को योजना से मिलने वाले संभावित लाभ, कार्यान्वयन की प्रक्रिया तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और विकास को गति देने में इसकी भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने उपस्थित महिलाओं और श्रमिकों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष गजपाल बर्तवाल, परियोजना निदेशक आनंद भाकुनी, भाजपा जिला महामंत्री विनोद कनवासी, जिला विकास अधिकारी, राजेंद्र सिंह नेगी (लोकपाल), रविंद्र सिंह, ताजवर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।