Home उत्तराखंड जोशीमठ की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल को प्रतिनिधियों...

जोशीमठ की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल को प्रतिनिधियों ने सौंपा ज्ञापन

1
0

जोशीमठ। उत्तराखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के जोशीमठ आगमन पर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास संबंधी मांगों को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से जोशीमठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 50 बेड के अस्पताल में उच्चीकृत करने तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों और अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से सुसज्जित करने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि यह स्वास्थ्य केंद्र नीति-माणा घाटी सहित पूरे सीमांत विकासखंड का एकमात्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र है तथा बदरीनाथ धाम यात्रा मार्ग पर भी यह महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र के रूप में कार्य करता है। वर्तमान में अस्पताल मात्र 10 से 15 बेड की क्षमता और जर्जर भवन में संचालित हो रहा है। ऐसे में स्थानीय लोगों और यात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने अस्पताल में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती तथा आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई।
इसके अलावा ज्ञापन में लाता क्षेत्र के अंतर्गत स्थित नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क को नियंत्रित पर्यटन गतिविधियों के लिए खोलने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे तथा पर्यटक और शोधकर्ता पार्क के अंतर्गत मौजूद दुर्लभ वन्यजीवों, वनस्पतियों और हिमालयी शिखरों का अध्ययन एवं अवलोकन कर सकेंगे।
प्रतिनिधिमंडल ने चिपको आंदोलन की प्रेरणास्रोत गौरा देवी की कर्मभूमि रेणी गांव में गेस्ट हाउस और संग्रहालय (म्यूजियम) के निर्माण की मांग भी रखी। उनका कहना था कि इससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और शोधकर्ताओं को गौरा देवी के योगदान और इतिहास को समझने का अवसर मिलेगा तथा क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
वहीं सलूड क्षेत्र में पर्यटन विकास को गति देने के लिए सलूड-औली मोटर मार्ग निर्माण की मांग भी उठाई गई। ज्ञापन में कहा गया कि सलूड रम्माण संस्कृति का प्रमुख केंद्र है और यहां से हर वर्ष बड़ी संख्या में पर्यटक औली ट्रेक के लिए जाते हैं। सड़क निर्माण होने से स्थानीय लोगों को होम-स्टे और पर्यटन आधारित रोजगार से जोड़ने में मदद मिलेगी।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य आयुषी बुटोला, प्रदीप राणा, सरपंच हरेंद्र रावत, लक्ष्मण सिंह बुटोला तथा धर्मेंद्र राणा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने क्षेत्र की समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा।