बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर देर रात हुआ हादसा, रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन; पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ ने चलाया संयुक्त बचाव अभियान
रुद्रप्रयाग। जनपद के बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पोखरी क्षेत्र से रांसी की ओर जा रही बोलेरो वाहन भट्टवारी-कण्डारा के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर की देर रात करीब 10 बजे डायल 112 के माध्यम से पुलिस को वाहन खाई में गिरने की सूचना मिली थी। बोलेरो वाहन (UK 13 TA 1013) में करीब 9 से 10 लोगों के सवार होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और 108 एंबुलेंस की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं। सीओ रुद्रप्रयाग के नेतृत्व में राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सभी प्रभावित लोगों को खाई से बाहर निकाला गया। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए। घायलों में दो को सामान्य चोटें आई हैं, वहीं चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर श्रीनगर रेफर किया गया है।
हादसे में इन चार लोगों की गई जान
* कुंवर सिंह (60 वर्ष), निवासी रांसी, ऊखीमठ।
* मदन सिंह (40 वर्ष), निवासी रांसी, ऊखीमठ।
* सूरत सिंह (42 वर्ष), निवासी देड़ा, ऊखीमठ।
* बलवीर सिंह (70 वर्ष), निवासी दादा गैड़ बस्ती, रांसी, ऊखीमठ।
छह लोग घायल
घायलों में उम्मेद सिंह राणा (52 वर्ष), राजेंद्र सिंह (56 वर्ष), लविश राणा (25 वर्ष), वंशिका (8 वर्ष), उर्मिला देवी (33 वर्ष) और पूजा (34 वर्ष) शामिल हैं।
इनमें उम्मेद सिंह राणा और राजेंद्र सिंह को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि लविश राणा, वंशिका, उर्मिला देवी और पूजा को प्राथमिक उपचार के बाद श्रीनगर हायर सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे में चार लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। रुद्रप्रयाग पुलिस ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।








