Home उत्तराखंड हेमकुंड साहिब में बर्फबारी, पहाड़ों ने ओढ़ी सफेद चादर

हेमकुंड साहिब में बर्फबारी, पहाड़ों ने ओढ़ी सफेद चादर

1
0

चमोली। जनपद चमोली में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने से जहां पहाड़ों पर चारों ओर सफेदी नजर आ रही है, वहीं निचले इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज होने से ठंड बढ़ गई है। मौसम में आए बदलाव का असर जिले के पर्यटन और तीर्थ स्थलों पर भी दिखाई दे रहा है।
सिखों के प्रसिद्ध तीर्थधाम हेमकुंड साहिब में बुधवार को बर्फबारी होने से पूरा क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर से ढक गया। हेमकुंड साहिब की चोटियों और आसपास के क्षेत्र में हुई बर्फबारी से यहां का नजारा बेहद खूबसूरत हो गया है। बर्फबारी के बीच भी श्रद्धालुओं का धाम पहुंचने का सिलसिला जारी है। दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालु ठंड और बर्फबारी के बीच आस्था के साथ हेमकुंड साहिब में मत्था टेक रहे हैं।
वहीं, धाम में हो रही बर्फबारी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र भी बनी हुई है। कई श्रद्धालु बर्फबारी का आनंद लेते हुए नजर आए। मौसम में अचानक आए बदलाव के कारण हेमकुंड साहिब और आसपास के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ठंड काफी बढ़ गई है।
जिले के ऊंचाई वाले अन्य इलाकों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बर्फबारी और ठंडी हवाओं के कारण निचले क्षेत्रों में भी तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मौसम में बदलाव के बाद सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ गई है।
मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए उच्च हिमालयी क्षेत्रों में आवाजाही करने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को गर्म कपड़े साथ रखने तथा मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यात्रा करने की सलाह दी जा रही है।