Home उत्तराखंड गोपीनाथ मंदिर में विराजमान हुई भगवान रुद्रनाथ की उत्सव डोली, सात माह...

गोपीनाथ मंदिर में विराजमान हुई भगवान रुद्रनाथ की उत्सव डोली, सात माह यहीं होगी पूजा-अर्चना

1
0

गोपेश्वर। चतुर्थ केदार भगवान श्री रुद्रनाथ जी की उत्सव डोली सोमवार को विधि-विधान के साथ उनके शीतकालीन गद्दी स्थल गोपीनाथ मंदिर, गोपेश्वर में विराजमान हो गई। डोली के मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान मंदिर परिसर भगवान शिव के जयकारों, ढोल-दमाऊ की गूंज और भजन-कीर्तन से गुंजायमान रहा। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान रुद्रनाथ के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
शनिवार को रुद्रनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद भगवान की उत्सव डोली पैदल यात्रा करते हुए सोमवार को गोपेश्वर पहुंची। यहां गोपीनाथ मंदिर में डोली के विराजमान होने के साथ ही भगवान रुद्रनाथ की शीतकालीन पूजा परंपरा का विधिवत शुभारंभ हो गया।
अब आगामी छह माह तक भगवान रुद्रनाथ की नियमित पूजा-अर्चना गोपीनाथ मंदिर में संपन्न होगी। शीतकाल के दौरान श्रद्धालु गोपेश्वर पहुंचकर भगवान रुद्रनाथ के दर्शन कर सकेंगे और पूजा-अर्चना में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित कर सकेंगे।
इस वर्ष यात्रा काल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु रुद्रनाथ धाम पहुंचे और भगवान शिव के दर्शन किए। कपाट बंद होने के बाद अब शीतकाल में भगवान रुद्रनाथ की पूजा-अर्चना गोपेश्वर स्थित गोपीनाथ मंदिर में परंपरानुसार संपन्न होगी।