Home उत्तराखंड हेमकुंड साहिब में फिर बदला मौसम, हल्की बर्फबारी से बिछी सफेदी की...

हेमकुंड साहिब में फिर बदला मौसम, हल्की बर्फबारी से बिछी सफेदी की चादर

2
0

चमोली। सिखों के प्रसिद्ध तीर्थस्थल हेमकुंड साहिब में एक बार फिर मौसम ने करवट बदल ली है। मंगलवार सुबह धाम में हुई हल्की बर्फबारी के बाद चारों ओर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई, जिससे क्षेत्र का नजारा और भी मनमोहक हो गया।
बर्फबारी के बीच बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं ने जहां धार्मिक आस्था के साथ दर्शन किए, वहीं मौसम के बदले मिजाज और बर्फबारी का भी भरपूर आनंद लिया। धाम के आसपास के पहाड़ी क्षेत्र बर्फ की हल्की परत से ढक गए, जिससे वातावरण बेहद आकर्षक दिखाई दिया।
सुबह हुई बर्फबारी के बाद क्षेत्र के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। हालांकि मौसम में बदलाव के बावजूद श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बनी हुई है और यात्रा सुचारू रूप से संचालित हो रही है।
गौरतलब है कि इस वर्ष हेमकुंड साहिब यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक एक लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र धाम के दर्शन कर चुके हैं। प्रशासन, गुरुद्वारा प्रबंधन तथा सुरक्षा एजेंसियां श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए लगातार व्यवस्थाओं में जुटी हुई हैं।
हल्की बर्फबारी के बीच हेमकुंड साहिब का अलौकिक सौंदर्य श्रद्धालुओं के लिए आस्था और प्रकृति के अद्भुत संगम का अनुभव करा रहा है।