Home उत्तराखंड कलश यात्रा के साथ छह दिवसीय लड़ीधूरा महोत्सव का शुभारंभ

कलश यात्रा के साथ छह दिवसीय लड़ीधूरा महोत्सव का शुभारंभ

1
0

कलश यात्रा के साथ छह दिवसीय लड़ीधूरा महोत्सव का शुभारंभ
बाराकोट में 26 अक्टूबर तक होंगे शैक्षिक, सांस्कृतिक और खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन
बाराकोट (चम्पावत)। चम्पावत जिले के बाराकोट में छह दिवसीय लड़ीधूरा महोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ कलश यात्रा के साथ हुआ। महोत्सव के तहत धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना के बाद क्षेत्र की महिलाओं ने पारंपरिक कलश यात्रा में भाग लेकर मां लड़ीधूरा के दर्शन किए।
मंगलवार को पंडित शीशराम ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ पूजन संपन्न कराया। इसके बाद श्रीरामलीला मंच बाराकोट से लड़ीधूरा मंदिर तक कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में बाराकोट, पम्दा, खोलासुनार, काकड़ सहित विभिन्न गांवों की महिलाओं ने प्रतिभाग किया। मंदिर पहुंचने पर मां की चुनरी का लकी ड्रॉ निकाला गया, जिसमें दीपा जोशी, नीतू अधिकारी और पार्वती देवी को चुनरी प्रदान की गई। इस अवसर पर बाराकोट की सुपर-19 टीम की ओर से मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया।
महोत्सव समिति के अध्यक्ष नागेंद्र जोशी ने बताया कि लड़ीधूरा महोत्सव का आयोजन 21 से 26 अक्टूबर तक किया जा रहा है। छह दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में विभिन्न शैक्षिक, सांस्कृतिक और खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला और कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
लड़ीधूरा महोत्सव क्षेत्र की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का प्रतीक है। महोत्सव के आयोजन से स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ ही क्षेत्रवासियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच भी मिलेगा।