जोशीमठ। भाजपा ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) ग्रामीण मंडल की ओर से आयोजित “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान” के अंतर्गत मंगलवार को प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मंडल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यप्रणाली, बूथ सशक्तिकरण, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग तथा जनसंपर्क के विभिन्न आयामों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण शिविर के दौरान कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा और संगठनात्मक मजबूती के मूल बिंदुओं से अवगत कराया गया। इस अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय, एकात्म मानववाद और राष्ट्र सेवा के विचारों को आत्मसात करते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं के ज्ञान, कौशल और संगठनात्मक क्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही, यह कार्यक्रम कार्यकर्ताओं में संगठन के प्रति समर्पण, जिम्मेदारी और सक्रियता की भावना को भी नई ऊर्जा प्रदान करता है।
कार्यक्रम को सफल और भव्य बनाने में मंडल अध्यक्ष गुड्डू लाल, प्रशिक्षण शिविर के पालक कृष्णमणि थपलियाल, मंडल महामंत्री मुकेश पंवार, प्रदीप बिष्ट तथा पूरी व्यवस्था टीम की अहम भूमिका रही। आयोजन समिति ने प्रशिक्षण शिविर में शामिल सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।








