Home उत्तराखंड 1100स्मार्ट क्लास कि समीक्षा मे उत्तराखंड एवं उत्तरप्रदेश से महेंद्र चौहान हुए...

1100स्मार्ट क्लास कि समीक्षा मे उत्तराखंड एवं उत्तरप्रदेश से महेंद्र चौहान हुए चयनित, कोयम्बटूर मे हुए सम्मानित

9
0

राजकीय इंटर कॉलेज थिरपाक, जनपद चमोली के प्रवक्ता (गणित) महेंद्र चौहान को डिजिटल शिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। यह सम्मान मैनकाइंड फार्मा एवं सीड्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित वार्षिक राष्ट्रीय विमर्श “विमर्श 2.0” कार्यक्रम में कोयम्बटूर (तमिलनाडु) में प्रदान किया गया।
ज्ञात हो कि मैनकाइंड फार्मा एवं सीड्स संस्था द्वारा उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में लगभग 1100 डिजिटल स्मार्ट क्लास संचालित की जा रही हैं। वार्षिक समीक्षा एवं गुणवत्ता शिक्षण के मूल्यांकन के आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों का चयन किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड से महेंद्र चौहान का चयन विशेष उपलब्धि माना जा रहा है।

शिक्षा निदेशक माध्यमिक, उत्तराखंड की अनुमति से महेंद्र चौहान को राष्ट्रीय विमर्श कार्यक्रम में प्रतिभाग हेतु कोयम्बटूर भेजा गया, जहां उन्हें KYAN डिजिटल स्मार्ट क्लास के प्रभावी एवं उत्कृष्ट संचालन, नवाचार आधारित शिक्षण तथा छात्रों के शैक्षणिक विकास में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
महेंद्र चौहान विगत 29 वर्षों से शिक्षा विभाग में सेवाएं दे रहे हैं तथा वर्तमान में राजकीय इंटर कॉलेज थिरपाक में प्रवक्ता (गणित) के पद पर कार्यरत हैं। उनके मार्गदर्शन में विद्यालय का परीक्षाफल 100 प्रतिशत रहा है तथा डिजिटल शिक्षण पद्धति के माध्यम से छात्र उपस्थिति, नामांकन एवं अभिभावकों के विश्वास में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है तथा इसे जनपद चमोली एवं उत्तराखंड के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।