Home उत्तराखंड विश्व रक्तदाता दिवस पर गोपेश्वर में रक्तदान शिविर, युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया...

विश्व रक्तदाता दिवस पर गोपेश्वर में रक्तदान शिविर, युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान

7
0

गोपेश्वर, 14 जून। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय गोपेश्वर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी शाखा चमोली के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। “रक्तदान महादान” कार्यक्रम के तहत आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं और स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया।
रक्त दान दिवस पर आईटीबी व बैंक कर्मियों ने भी रक्तदन किया

शिविर में पैरा लीगल वॉलंटियर्स (PLV) सहित अन्य समाज सेवियों ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी योगदान दिया। इस अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी शाखा चमोली के चेयरमैन ओमप्रकाश डोभाल ने कहा कि समाज सेवा के अनेक माध्यम हैं, लेकिन किसी का जीवन बचाने में रक्तदान की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सिविल जज पुनीत कुमार ने कहा कि विज्ञान और तकनीक के इस आधुनिक युग में, जहां कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) जैसे नए आयाम विकसित हो रहे हैं, वहीं मानव रक्त का आज भी कोई विकल्प उपलब्ध नहीं है। ऐसे में एक इंसान का जीवन बचाने के लिए दूसरे इंसान द्वारा रक्तदान करना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि नियमित रक्तदान न केवल जरूरतमंदों को नया जीवन देता है, बल्कि समाज में मानवता और सेवा की भावना को भी मजबूत करता है। कार्यक्रम में पीएमएस डॉ धनिक, डॉ पवन पाल, प्रशासनिक अधिकारी राजेश कपरवान जिले के पीएलवी, रेडक्रॉस के पदाधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।